असम में बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद (बीटीसी) के लिए बृहस्पतिवार को मतदान खत्म होने के बाद कोकराझार और चिरांग जिलों में कुछ जगहों पर हिंसा की घटनाएं हुई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने कोकराझार के गोसाईगांव थाना अंतर्गत काचुगांव क्षेत्र के मालभोग मतदान केंद्र से मतपेटी ले जा रहे एक वाहन में तोडफोड़ करने वाली भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवा में 25-30 गोलियां चलायी।
चुनाव सामग्री और चुनाव अधिकारियों को ले जा रहे वाहन में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 31 सी पर हबरूबली में कुछ गड़बड़ी आ गयी, इसी बीच वहां लोग एकत्र हो गए तथा पथराव किया। मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और मतदान पेटियों और चुनाव अधिकारियों को दूसरे वाहन से भेजा गया। कुछ असमाजिक तत्वों ने उप संभागीय अधिकारी के कार्यालय के स्ट्रांग रूम पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया और कुछ लोगों को गिरफ्तार किया।
असम राज्य चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि संबंधित मतदान केंद्र पर फिर से मतदान कराया जा सकता है। मतदान समाप्त होने के बाद बौखुंगरी में भी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के समर्थक एक दूसरे से भिड़ गए। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। चिरांग के फुलागुड़ी में मतदान केंद्र संख्या 57 के अधिकारी पर हमला किया गया। घटना में उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।


Download Android App
Download iOS App



