एलजी पॉलिमर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने संयंत्र में दूसरी बार गैस लीक होने की खबर को नकारते हुए कहा कि संयंत्र में स्थिति नियंत्रण में है और मिडिया में आई संयंत्र में दूसरी बार गैस लीक होने वाली खबर गलत है। कंपनी ने एक बयान में कहा, “तापमान को नियंत्रित रखने के लिए पानी के इस्तेमाल सहित सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।”
कंपनी ने कहा कि एक एहतियाती कदम के रूप में प्रशासन से निवासियों को खाली कराने के लिए कहा गया था। कंपनी ने कहा है, “हम नुकसान को रोकने और सभी स्थानीय निवासियों तथा अपने कर्मचारियों की सुरक्षा और सेहत के लिए प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।”
गौरतलब हो कि आर.आर. वेंकटपुरम के पास स्थित संयंत्र से गुरुवार तड़के लीक हुई स्टाइरीन गैस से 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 300 से अधिक लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गैस लीक के बाद वेंकटपुरम और पास के अन्य गांवों को खाली करा लिया गया था। यह दुर्घटना लॉकडाउन के कारण 40 दिनों से अधिक समय से बंद पड़े संयंत्र को फिर से शुरू करने की कोशिश के दौरान हुई।
गुरुवार देर रात संयंत्र से दूसरी बार गैस लीक होने की खबरें आई थीं, जिसके बाद संयंत्र के आसपास के अन्य इलाकों में निवासियों के बीच अफरा-तफरी मच गई थी।


Download Android App
Download iOS App



