मूसलाधार बारिश महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में कहर बरपा रही है। इसी बीच, उत्तर-पश्चिम मुंबई के मलाड में मंगलवार तड़के एक दीवार गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई, वहीं पुणे में भी एक दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश सरकार ने मुंबई में दो जुलाई को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।

अधिकारियों के अनुसार, मलाड उपनगर के पिंपरीपाड़ा स्थित एक स्कूल के अहाते की दीवार मंगलवार तड़के लगभग एक बजे स्कूल से सटी कुछ झुग्गियों पर गिर गई, जिसमें 13 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। आज तड़के, पुणे में भी सिंहगढ़ कॉलेज के अहाते की दीवार उससे सटी कुछ झुग्गियों पर गिर गई, जिसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई।

दोनों जगहों पर कई लोग अभी भी मलबे में दबे हैं और राहत तथा बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं।
फडणवीस ने की मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये देने की घोषणा
वही, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मलाड दीवार गिरने की घटना के बारे में जानकर घटना में मरने वालों को लेकर दुख हुआ। उन्होंने कहा कि मेरे विचार उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया और घायलों की शीघ्र स्वस्थता के लिए प्रार्थना की। साथ ही फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, तटीय कोंकण के भागों में तेज से मूसलाधार बारिश की प्रबल संभावना है, जिस कारण महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई शहर में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।
बृह्नमुंबई नगर निगम आयुक्त प्रवीन परदेसी ने एहतियातन आज सभी स्कूल और कॉलेज बंद करने के निर्देश दिए हैं। वायु, सड़क और ट्रेन यातायात भी लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी बाधित रहा। बारिश के कारण राज्य में पिछले पांच दिनों से अब तक लगभग 50 लोगों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



