पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पों के एक दिन बाद बसीरहाट की सांसद नुसरत जहां ने रविवार को शांति की अपील की। इन हिंसक झड़पों में दोनों पार्टियों के कम से कम आठ लोगों के मारे जाने की आशंका है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को बसीरहाट संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के तहत संदेशखली के हाटगाछी इलाके में झड़प के दौरान तृणमूल कांग्रेस के एक व भाजपा के दो कार्यकर्ताओं सहित तीन राजनीतिक कार्यकर्ता मारे गए। हालांकि, भाजपा ने दावा किया है कि उनके पांच कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या की गई है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उनके तीन लोगों की हत्या हुई है।
अभिनेत्री से तृणमूल कांग्रेस की सांसद बनीं नुसरत जहां ने कहा, “मामले को देखा जा रहा है और चीजें नियंत्रण में हैं, हम सभी को अब शांति की अपील करनी चाहिए।”उन्होंने कहा, “मैं मानवता और धर्मनिरपेक्षता के साथ खड़ी हूं, मैं उन लोगों के परिवारों के लिए प्रार्थना कर रही हूं, जिन्होंने अपना जीवन खो दिया है, भले ही वे किसी भी पार्टी से जुड़े हों। मानवता पहले है।”
उन्होंने सबसे सहयोग का आग्रह किया। नुसरत जहां ने कहा, “मैं अपने मीडिया के दोस्तों से हमारे साथ सहयोग का आग्रह करती हूं। बसीरहाट संवेदनशील क्षेत्र है, लेकिन हमें सुनिश्चित करना होगा कि वहां के लोग सुरक्षित हों और उन्हें परेशानी नहीं हो।”


Download Android App
Download iOS App



