पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले चुनावों को लेकर अभी से हलचल बढ़ गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा सिलीगुड़ी में नागरिकता संशोधित कानून (सीएए) को लेकर दिए गए एक बयान पर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पलटवार किया है। नड्डा ने अपने बयान में कहा, राज्य में सीएए लागू होना तय है।
इस बयान पर टीएमसी की मुखर नेता महुआ मोइत्रा ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा, जेपी नड्डा कह रहे हैं कि सीएए जल्द ही लागू किया जाएगा। बीजेपी सुन ले, हम आपको कागज़ दिखाने से पहले ही दरवाज़ा दिखा देंगे। महुआ मोइत्रा हमेशा से ही पार्टी की ओर से बेबाक होकर अपनी बातें रखती रहती हैं।
JP Nadda in WB – says CAA to be implemented soon
Listen up @BJP – we will show you the door long before we show you our papers!
— Mahua Moitra (@MahuaMoitra) October 19, 2020
एकदिवसीय दौरे के लिए सिलीगुड़ी पहुंचे नड्डा ने 2021 में प्रस्तावित पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लिया और विभिन्न समुदाय के लोगों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा, पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की सरकार पर ‘‘फूट डालो और राज करो’’ की नीति पर चलने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू होना तय है।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का किला भेदना बीजेपी के लिए एक मिशन बनता जा रहा है। इसलिए अभी से ही बीजेपी मतदाताओं को साधने में जुट गई है। 2021 में होने वाले चुनाव के लिए बीजेपी सीएए जैसे मुद्दे के साथ प्रचार में उतरेगी।
बता दें कि पिछले साल केंद्र सरकार की ओर से सीएए कानून लाया गया था, जिसके तहत अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश से आने वाले हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई शरणार्थियों को भारत की नागरिका दी जा सकेगी।


Download Android App
Download iOS App



