पश्चिम बंगाल के कोलकाता में गुरुवार को निर्माणाधीन मजेरहाट पुल की ओर बढ़ रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हुई। पुलिस ने पार्टी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए तरताला मोड़ पर अवरोधक लगाए थे। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुल के निर्माण में हो रही देरी के विरोध में प्रदर्शन किया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थर फेंके, जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। अधिकारी ने कहा कि बीजेपी के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय विरोध प्रदर्शन रैली में हिस्सा लेने वाले थे लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
मजेरहाट पुल का एक हिस्सा चार सितंबर 2018 को गिर गया था, जिससे दो व्यक्तियों की जान चली गई थी। पुल को ध्वस्त कर नया पुल बनाया जा रहा है और अगले महीने की शुरुआत में इसे जनता के लिए खोले जाने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



