केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री उनका फोन नहीं उठाते जिससे उनके विभाग से संबंधित योजनाओं का लाभ लोगों को नहीं मिल पाता है। उन्होंने सदन में प्रश्नकाल के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद एस एस अहलूवालिया के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए यह टिप्पणी की।
लोगों को नहीं मिल पाता लाभ
अहलूवालिया ने पश्चिम बंगाल के बर्धमान में ‘पीएम दक्ष’ योजना के लाभार्थियों की संख्या बहुत ही कम होने का उल्लेख करते हुए इसका कारण पूछा। इस पर प्रतिमा भौमिक ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल के मंत्री 10-10 बार फोन करने के बाद भी फोन नहीं उठाते।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से सहयोग नहीं मिलने के कारण योजनाओं के क्रियान्वयन में दिक्कत आती है और लोगों को लाभ नहीं मिल पाता है।
पश्चिम बंगाल सरकार से नहीं मिल रहा सहयोग
इस दौरान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने पूरक प्रश्न पूछने के दौरान मंत्री प्रतिमा भौमिक की बात का परोक्ष समर्थन करते हुए कहा, ‘‘फोन नहीं उठाना… यह आदत बन गई है।’’ युवा मामलों के राज्य मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने भी एक पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि राष्ट्रीय युवा नीति के क्रियान्वयन के संदर्भ में पश्चिम बंगाल सरकार से सहयोग नहीं मिल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



