पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को ईद पर एक कार्यक्रम में कहा कि भारत में चल रही ‘‘अलगाव की राजनीति सही नहीं है।’’ रेड रोड पर ईद-उल-फ़ितर की नमाज में शामिल हुईं बनर्जी ने वहां एकत्रित लोगों से भयभीत न होने और बेहतर भविष्य के लिए एकजुट होने का आग्रह किया। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि दो साल के अंतराल के बाद आप रेड रोड पर इस ऐतिहासिक ईद की नमाज के लिए इकट्ठे हुए हैं। ऐसा कहीं नहीं होता। देश में स्थिति सही नहीं है। फूट डालो और राज करो की नीति तथा देश में चल रही अलगाव की राजनीति सही नहीं है। भयभीत न हों और लड़ाई जारी रखें।’’
ममता ने ईद पर मुस्लिम लोगों को किया संबोधित
बनर्जी ने रेड रोड पर ईद की नमाज के लिए एकत्र हुए लगभग 14,000 लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘‘न तो मैं, न ही मेरी पार्टी और न ही मेरी सरकार ऐसा कुछ करेगी जिससे आप दुखी हों।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ईर्ष्या करने वाले लोग हैं जो हिंदुओं और मुसलमानों के बीच विभाजन पैदा करने के लिए झूठ बोलते रहते हैं। डरो मत और लड़ाई जारी रखो। बनर्जी ने लोगों से मिलकर रहने की अपील करते हुए यह भी कहा, ‘‘ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान।’’

मुख्यमंत्री ने कहा- मुझ पर रखें विश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा, मैं आपसे आग्रह करूंगी कि आप उस ताकत के खिलाफ लड़ने के लिए एकजुट हों जो देश को बांटना और लोगों पर अत्याचार करना चाहती है। हम मिलकर इसे देश से हटा देंगे। उन्होंने कहा, खुश रहें और मुझ पर विश्वास रखें। मैं आज वादा करती हूं कि जब तक मैं जीवित हूं मैं लोगों के लिए लड़ूंगी चाहे वे मुस्लिम हों या हिंदू या सिख या जैन। मुझे लड़ने की ताकत आपसे मिलती है।
भाजपा हमारी एकता तोड़ना चाहती है- ममता
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, वे बंगाल में लोगों के बीच एकता के कारण ईर्ष्या करते हैं और इसलिए वे मुझे गाली देते हैं। वे मुझे अपमानित करते रहते हैं लेकिन मैं डरती नहीं हूं। मुझे पता है कि कैसे लड़ना है। ‘अच्छे दिन’ के भाजपा के नारे का जिक्र करते हुए बनर्जी ने लोगों को असली अच्छे दिन का आश्वासन दिया।उन्होंने कहा, आपके अच्छे दिन भी आएंगे। मुझे ‘झूठे अच्छे दिन’ नहीं चाहिए… मैं देश में एकता चाहती हूं। मुझे ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा’ चाहिए।उर्दू में अपनी छह किताबों का जिक्र करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि वह मुस्लिम समुदाय के त्योहारों की बारीकियां जानती हैं और उन्हें दूसरे धर्मों के रीति-रिवाजों की भी जानकारी है।
ममता ने ट्वीट करके दी जानकारी…
बनर्जी ने कहा, मैं आपके त्योहारों के साथ-साथ अपने धर्म के बारे में भी सभी बारीकियों को जानती हूं। मुझे सभी धर्मों से प्यार है। इससे पहले बनर्जी ने राज्य के लोगों को ईद की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ईद मुबारक! सभी के लिए ढेर सारी खुशियां, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना। प्रार्थना करें कि हमारी एकता एवं सद्भाव का बंधन और मजबूत हो। अल्लाह सभी का भला करे।’’राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी कामना की कि त्योहार सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लाए।धनखड़ ने ट्वीट किया, ‘‘ईद मुबारक! ‘ईद-उल-फितर’ के अवसर पर सभी को बधाई। यह त्योहार चारों ओर सुख, शांति और समृद्धि लाए।’’


Download Android App
Download iOS App



