पश्चिम बंगाल : TMC विधायक निर्मल माजी पर लगा ममता बनर्जी की तुलना अल्लाह से करने का आरोप

Summary :

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मां शारदा का अवतार बताने के बाद विवादों में घिरे तृणमूल कांग्रेस विधायक निर्मल माजी पर अब सीएम की तुलना अल्लाह से करने का आरोप लगा है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मां शारदा का अवतार बताने के बाद विवादों में घिरे तृणमूल कांग्रेस विधायक निर्मल माजी पर अब सीएम की तुलना अल्लाह से करने का आरोप लगा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में अखिल भारतीय धर्मनिरपेक्ष मोर्चा (एआईएसएफ) के एकमात्र विधायक नवशाद सिद्दीकी ने एक वीडियो जारी कर यह आरोप लगाया है। बता दें, एआईएसएफ ने साल 2021 में वाम मोर्चा और कांग्रेस के साथ गठबंधन में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ा था।
मुख्यमंत्री बनर्जी की तुलना अल्लाह से की 
सिद्दीकी ने वीडियो में कहा, तृणमूल कांग्रेस निर्मल माजी ने हाल ही में मां शारदा और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच तुलना की थी। स्वाभाविक रूप से इस तरह की तुलना ने हिंदुओं के मन को ठेस पहुंचायी। रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन ने भी बयान जारी कर ऐसी टिप्पणियों पर आपत्ति जताई थी। अब पता चला है कि विधायक ने अलग जगह पर मुख्यमंत्री बनर्जी की तुलना अल्लाह से की है, जो इस्लाम धर्म मानने वाले लोगों की आस्था के खिलाफ है। इस तरह की तुलना से मुसलमान आहत हुए हैं।
सांप्रदायिक सद्भाव की भावना को बाधित कर सकती 
सिद्दीकी की यह वीडियो आईएएनएस के पास उपलब्ध है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि माजी ने उनका यह बयान किस जगह देखा या सुना है। सिद्दीकी ने अपने बयान में दोनों मामलों को चापलूसी का सबसे खराब उदाहरण बताया है और इस मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से प्रतिक्रिया देने की मांग की है। सिद्दीकी ने कहा, इस तरह की टिप्पणियां समाज में तनाव पैदा करती हैं और सांप्रदायिक सद्भाव की भावना को बाधित कर सकती हैं।

Desk Team