भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई के प्रमुख बी एस येदियुरप्पा ने राज्य के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी के इस आरोप पर बुधवार को पलटवार किया कि भाजपा उनके एक विधायक को रिश्वत देने की कोशिश कर रही है। भाजपा नेता ने उनसे ऐसा प्रयास करने वालों के नाम बताने को कहा।
येदियुरप्पा ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री इस प्रकार के आरोप लगाने से पहले नामों का खुलासा नहीं करते हैं तो इसे ऐसा देखा जाएगा जैसे वह अपनी ही पार्टी के विधायकों पर संदेह कर रहे हैं।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री हताशा के कारण भाजपा के खिलाफ आरोप लगा रहे हैं। येदियुरप्पा ने कहा,‘‘हम कह चुके हैं कि हम इस प्रकार की चीजों में शामिल नहीं है…जद(एस)-कांग्रेस के 18-20 विधायक खफा हैं, उनको विश्वास में लीजिए और राज्य के विकास के लिए मिल कर काम कीजिए…राज्य के 70 फीसदी हिस्से में अब तक बारिश नहीं हुई है,
भयानक सूखा है, हमें मिल कर काम करना चाहिए, विपक्ष के तौर पर हम भी सहयोग करेंगे, यह हम पहले भी कह चुके हैं।’’ गौरतलब है कि मंगलवार को रामनगर में एक गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कुमारस्वामी ने कहा था कि उनकी सरकार गिराने के लिए निरंतर प्रयास हो रहे हैं और कौन इसके पीछे है, वह उसे जानते हैं।


Download Android App
Download iOS App



