वाईएसआर कांग्रेस अध्यक्ष वाई एस जगनमोहन रेड्डी के यहां रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मुलाकात के दौरान मोदी सरकार को बाहर से या मुद्दा आधारित समर्थन देने पर चर्चा होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि रेड्डी की पार्टी ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में आंध्र प्रदेश में बृहस्पतिवार को शानदार जीत हासिल की। रेड्डी 30 मई को विजयवाड़ा में राज्य के नये मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दोनों नेताओं (मोदी और रेड्डी) की यह बैठक काफी मायने रखती है क्योंकि वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि उनकी पार्टी आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने वाली किसी भी पार्टी का समर्थन करेगी।
एक आधिकारिक सूत्र के मुताबिक वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख कल सुबह दिल्ली पहुंचेंगे और दोपहर में प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे।
सूत्र ने बताया कि मोदी से मिलने के बाद यहां स्थित आंध्र भवन के अधिकारियों से रेड्डी के बातचीत करने की उम्मीद है। इस बीच, रेड्डी को वाईएसआर कांग्रेस विधायक दल का सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है। उल्लेखनीय है कि रेड्डी की पार्टी ने आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में 175 में से 151 सीटें जीती हैं जबकि राज्य में लोकसभा की 25 सीटों में से 22 पर जीत हासिल की है। ये चुनाव परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित किए गए।


Download Android App
Download iOS App



