अमृतसर में बेटे ने की मां और 2 कुत्तों की हत्या, फिर खुद को मारी गोली

Summary :

पंजाब के अमृतसर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जुझार सिंह एवेन्यू में मंगलवार को 50 वर्षीय हरप्रीत नामक व्यक्ति ने अपनी बुजुर्ग मां और दो पालतू कुत्तों की गोली मारकर हत्या कर दी।

पंजाब के अमृतसर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जुझार सिंह एवेन्यू में मंगलवार को एक 50 वर्षीय बेटे हरप्रीत ने दो पालतू कुत्तों और अपनी मां की हत्या की और अंत में खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। इस खौफनाक वारदात में चार की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।

दो कुत्तों और मां को गोली मारने के बाद आत्महत्या की

मंगलवार को अचानक से हरप्रीत के घर के अंदर से गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद आस-पास के लोग सन्न रह गए। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हरप्रीत ने पहले अपने दो पालतू कुत्तों को गोली मारी। इसके बाद उसने अपनी बुजुर्ग मां को भी मारा और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

पत्नी छोड़कर चली गई थी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरप्रीत सिंह करीब सात साल पहले इंग्लैंड से भारत आया था। उसे नशे की लत थी, जिसकी वजह से घर में आए दिन विवाद होते रहते थे। परिजनों ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट करता था, इसलिए उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर जा चुकी थी।

जांच में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंची और जांच की गई। पुलिस घर से हरप्रीत, उसकी मां और दो प[पालतू कुत्तों के शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल अब पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हरप्रीत ने दो बेजुबानों और मां को मौत के घाट क्यों उतारा। इसके साथ ही ये भी जांच की जा रही है कि वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार कहां से आया।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।