भगवंत मान ने पंजाब को आतंकवादियों और गैंगस्टरों के हवाले कर दिया: रंधावा

Summary :

गुरदासपुर ब्लास्ट पर रंधावा का हमला: भगवंत मान डरपोक मुख्यमंत्री

पंजाब के गुरदासपुर में पुलिसकर्मी के घर के बाहर हुए धमाके पर कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिस जगह ब्लास्ट हुआ है, वहां से सात किलोमीटर दूर ही इंटरनेशनल बॉर्डर है।

कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आईएएनएस से खास बातचीत में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “गुरदासपुर ब्लास्ट की जिम्मेदारी बब्बर खालसा ने ली है। उन्होंने चेतावनी भी दी है कि अभी ब्लास्ट कांस्टेबल के घर के बाहर किया है, अगली बार किसी बड़े अधिकारी को निशाना बनाया जाएगा। मुझे लगता है कि पंजाब के मुख्यमंत्री के अंदर दम नहीं है। वह पंजाब के डरपोक मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले प्रताप सिंह कैरों भी राज्य के सीएम रहे थे, जिन्होंने पंजाब को आगे बढ़ाने का काम किया। अब उन्हीं की सीट पर एक ऐसा मुख्यमंत्री बैठा है, जो गैंगस्टर, केजरीवाल, गृह मंत्री से भी डरता है। उन्हें सिर्फ ड्रामेबाजी करना आता है, इसलिए उन्हें स्टेज पर जाकर लोगों का मनोरंजन करना चाहिए। उन्होंने पंजाब को आतंकवादियों और गैंगस्टरों के हवाले कर दिया है।”

उन्होंने आगे कहा, “भगवंत मान पंजाब के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने आज तक एक भी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की है। इतना ही नहीं, उन्होंने एक भी पुलिस स्टेशन का दौरा नहीं किया। मुझे लगता है कि वह पंजाब को खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री बने हैं, लेकिन पंजाबियों ने आतंकवाद को खत्म किया था और अब यहां दोबारा आतंकवाद को पनपने नहीं देंगे।”

सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब में कानून-व्यवस्था पर कहा, “जब राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होती है तो आप पार्टी का कोई भी लीडर दिल्ली से यहां क्यों नहीं आता है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.