भाजपा ने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की मंगलवार को उनके उस बयान के लिए निंदा की जिसमें उन्होंने कहा था कि नये कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों का पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई फायदा उठा सकती है।
भाजपा ने कहा कि उनका बयान न केवल भारत के किसानों का अपमान करता है, बल्कि उनके कार्यालय की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है। भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा, ‘‘हैरानी है कि हर मौके पर कांग्रेस के नेताओं के विचार और इरादे क्यों पाकिस्तान के साथ तालमेल बिठाते हैं। पहले विरोध प्रदर्शनों के नाम पर आगजनी को उचित ठहराया और अब यह बेहूदा दावा किया जाता है कि भारतीय युवा और किसान पाक का साथ देंगे।’’
प्रधान ने ट्वीट किया, ‘‘पंजाब के मुख्यमंत्री के बयान न केवल भारत के अन्नदाताओं (किसानों) का अपमान है बल्कि ये मुख्यमंत्री के कार्यालय की गरिमा को भी ठेस पहुंचाते हैं।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस के लिए यह आत्मनिरीक्षण करने का उचित समय है कि वह मोदी सरकार के साथ असहमति के हर मुद्दे पर भारत के हितों का विरोध क्यों करती है?’’


Download Android App
Download iOS App



