Ludhiana West by-election: शाम 6 बजे थम जाएगा प्रचार, आचार संहिता के नियमों को लेकर प्रशासन सख्त

Summary :

आचार संहिता उल्लंघन पर प्रशासन की सख्ती

लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम 6 बजे प्रचार थम जाएगा। जिला प्रशासन ने आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि प्रचार समाप्ति के बाद किसी भी राजनीतिक गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। मतदान के लिए 194 केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी की जाएगी।

लुधियाना पश्चिम सीट पर विधानसभा उपचुनाव को लेकर मंगलवार को शाम 6 बजे प्रचार पूरी तरह थम जाएगा। आचार संहिता का उल्लंघन ना हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने भी अपनी तैयारी कर ली है। जिला प्रशासन ने इसे लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि तय समय के बाद किसी भी राजनीतिक पार्टी की ओर से चुनावी रैली, जनसभा या प्रचार गतिविधि नहीं की जा सकेगी।

डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उपचुनाव को लेकर पूरी जानकारी दी। हिमांशु जैन ने कहा, “चुनाव प्रचार समाप्ति के बाद क्षेत्र में किसी भी राजनीतिक गतिविधि, जनसभा या रैली की अनुमति नहीं होगी। वेस्ट हलके में पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी प्रतिबंध रहेगा।”

अधिकारी ने बताया, “मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए कुल 194 मतदान केंद्रों पर 100 फीसदी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी वरिष्ठ अधिकारी करेंगे। गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों के बाहर टेंट की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, क्षेत्र से बाहर के लोगों को शाम 6 बजे के बाद विधानसभा क्षेत्र छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। सभी शराब के ठेके, रेस्टोरेंट और विवाह स्थल भी मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक बंद रहेंगे।”

डिप्टी कमिश्नर ने सभी राजनीतिक दलों को आचार संहिता का पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।लुधियाना पश्चिम सीट पर उपचुनाव के लिए 19 जून को मतदान होगा। कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी ने संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीजेपी ने जीवन गुप्ता, शिरोमणि अकाली दल ने परउपकार सिंह घुम्मन और कांग्रेस ने भारत भूषण आशु को टिकट दिया है।

गुरप्रीत गोगी बस्सी के निधन के कारण लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की गई। नामांकन 2 जून तक दाखिल हुए। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 5 जून थी। 19 जून को वोटिंग के बाद लुधियाना पश्चिम सीट पर उपचुनाव के नतीजे 23 जून को घोषित किए जाएंगे।

मयूरासन से उष्ट्रासन तक, अधिकतर योगासनों के नाम पशु-पक्षियों पर क्यों हैं?

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.