Malerkotla Fire News: पंजाब के मालेरकोटला–धूरी रोड पर स्थित गांव मानक माजरा के पास आज दोपहर करीब 12 बजे एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएँ से भर गई। आसपास मौजूद फैक्ट्रियों के मालिकों ने हालात देखते ही तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही मालेरकोटला फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और टीम ने तेजी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात है कि घटना में किसी तरह के जनहानि की खबर नहीं है।
Punjab News: फैक्ट्री बिना अनुमति के चल रही थी, मालिक फरार

स्थानीय लोगों और आस-पास के फैक्ट्री मालिकों के अनुसार यह पटाखा फैक्ट्री बिना किसी लाइसेंस और अनुमति के चल रही थी। जानकारी मिली है कि किसी दूसरे राज्य के कुछ लोगों ने इस बिल्डिंग को किराए पर लिया हुआ था और इसमें अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। जैसे ही आग लगी, फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने मांग की है कि प्रशासन इस अवैध फैक्ट्री को चलाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करे।
Malerkotla News: फायर ब्रिगेड का त्वरित रेस्पॉन्स

फायर ऑफिसर दिलशाद ने बताया कि उन्हें 11 बजकर 58 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम से कॉल मिली। टीम तुरंत फायर टेंडर लेकर मौके पर पहुँची और तेजी से फैलती आग को नियंत्रित किया। चश्मदीदों के मुताबिक आग अचानक भड़की और देखते ही देखते तेज लपटों ने परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
Malerkotla Fire News: पुलिस प्रशासन करेगा जांच
घटना की जानकारी पुलिस और सिविल प्रशासन को दे दी गई है। अधिकारी मौके पर पहुँचकर यह पता लगाएंगे कि इमारत किसकी थी, इसे किराए पर किसने लिया था और फैक्ट्री चलाने की जिम्मेदारी किसकी थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अवैध पटाखा निर्माण के इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
ALSO READ: सोने के भाव में जबरदस्त गिरावट, चांदी के भी गिरे दाम; वीकेंड पर देखें टॉप 10 शहरों के रेट


Download Android App
Download iOS App




