पंजाब के स्कूलों का मनीष सिसोदिया ने किया दौरा, राजा वडिंग बोले ‘ये ठीक नहीं’

Summary :

राजा वडिंग ने सिसोदिया के पंजाब दौरे पर उठाए सवाल

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया के स्कूली दौरे का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पंजाब अपनी सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं करेगा। सिसोदिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दिल्ली में नकारे जाने के बाद सिसोदिया पंजाब के स्कूलों का दौरा कर रहे हैं, जो बिल्कुल भी ठीक नहीं है। हम इस स्थिति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं कर सकते हैं। सिसोदिया को पंजाब के कामकाज में किसी भी प्रकार से हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। सिसोदिया एक सहकर्मी होने के नाते अपनी राय दे सकते हैं, वो नीतियों को देख सकते हैं। हमें इससे कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन, जिस तरह से उन्होंने पंजाब के स्कूलों का दौरा किया, वो बिल्कुल भी ठीक नहीं है।

उन्होंने कहा कि अगर आप (सिसोदिया) पंजाब के मंत्रियों की जगह पर खुद ही स्कूलों का दौरा करेंगे, तो मेरा सीधा-सा सवाल है कि ऐसी स्थिति में पंजाब के मंत्रियों का क्या महत्व रह जाएगा? इससे पंजाब के लोग और ज्यादा आक्रोशित हो जाएंगे।

उन्होंने सरकार से मांग की कि हरजोत बैंस से इस्तीफा लिया जाए और मनीष सिसोदिया को पंजाब का शिक्षा मंत्री बना दिया जाए। इस तरह की स्थिति से पंजाब के लोग आक्रोशित हो सकते हैं। यह एक मंत्री के लिए सही नहीं है कि वे अपनी जिम्मेदारी से बाहर जाकर दौरे करें।

उन्होंने मनीष सिसोदिया से यह अपील भी की कि वे अपने सहकर्मी को सलाह दे सकते हैं, लेकिन चुने हुए मंत्री की जगह दौरा करना ठीक नहीं है। बता दें कि मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को पंजाब के स्कूलों का निरीक्षण किया था। पंजाब डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट ने सिसोदिया के इस दौरे का विरोध किया और इसे राज्य के मामलों में हस्तक्षेप बताया था। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के साथ सिसोदिया ने तरनतारन में स्कूल ऑफ एमिनेंस का निरीक्षण किया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.