अमेरिका से लौटेंगे और भारतीय, विभिन्न शहरों में लैंड करेंगे विमान: रवनीत बिट्टू

Summary :

अमेरिका से लौटने वाले भारतीयों पर सियासत गरमाई: रवनीत बिट्टू

अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों को लेकर देश में सियासत गर्म है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर राज्य को बदनाम करने का आरोप लगाया है। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने पंजाब सरकार पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अभी अमेरिका से और भी जहाज आने हैं, जो देश के अलग-अलग हिस्सों में लैंड करेंगे।

रवनीत बिट्टू ने शनिवार को अमृतसर में मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैं पहली बात यह कहना चाहता हूं कि अभी और विमान अमेरिका से भारत आएंगे, जिनमें से कई दिल्ली, अहमदाबाद समेत अलग-अलग जगहों पर लैंड करेंगे। अमेरिका में डिटेंशन सेंटर में रह रहे भारतीयों की संख्या काफी अधिक है, जल्द ही उन्हें भारत लाया जाएगा।”

उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मैं सीएम मान से अपील करूंगा कि जितने भी भारतीयों से विदेश भेजने के नाम पर पैसे ऐंठे गए हैं, वे उन्हें वापस कराए जाएं। जिन्होंने भगवंत मान सरकार को वोट दिए थे, वे आज अपने फैसले पर पछता रहे हैं। मैं सिर्फ यही कहूंगा कि यहां के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है, वह निंदनीय है।”

रवनीत बिट्टू ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को शर्म आनी चाहिए। उन्हें पंजाब के ट्रैवल एजेंट्स के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो केंद्र सरकार इस मामले में सख्त कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि डिपोर्ट किए गए भारतीयों के जहाज को अमृतसर लाकर पंजाब को बदनाम किया जा रहा है। मान ने कुछ उदाहरणों के जरिए केंद्र से पूछा था कि अमृतसर को ही क्यों चुना गया?

प्यू रिसर्च सेंटर के आंकड़ों के अनुसार, भारत से लगभग 7,25,000 अवैध अप्रवासी अमेरिका में रहते हैं। मेक्सिको और अल साल्वाडोर के बाद अनधिकृत अप्रवासियों की तीसरी सबसे बड़ी आबादी भारतीय लोगों की है।

–आईएएनएस

एफएम/एकेजे

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.