राजौरी में 35 युवाओं को मिला JKB-RSETI का प्रमाणपत्र

Summary :

राजौरी में 35 युवाओं ने सफलतापूर्वक पूरी की उद्यमिता प्रशिक्षण

जेकेबी-आरएसईटीआई राजौरी की तरफ से शनिवार को छह दिवसीय सामान्य उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) का प्रमाणपत्र वितरण समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुरूप, इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।

समापन समारोह में राजौरी के विधायक इफ्तिखार अहमद, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) संजीव कुमार भसीन, जेकेबी-आरएसईटीआई राजौरी के निदेशक सुनील शर्मा और केवीआईबी के जिला अधिकारी मोहम्मद गयास खान मौजूद थे। कुल 35 उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। इससे उन्हें अपने व्यवसाय स्थापित करने और प्रबंधित करने के लिए आवश्यक कौशल और ज्ञान प्राप्त हुआ।

प्रमाणपत्र वितरण समारोह के दौरान, विधायक इफ्तिखार अहमद ने प्रशिक्षुओं को नौकरी चाहने वालों की बजाय नौकरी देने वाले बनने के लिए प्रोत्साहित किया और स्वरोजगार के महत्व पर जोर दिया। इफ्तिखार अहमद ने बताया, “जब भी काम करना है, तो पूरे आत्मविश्वास के साथ करना है। मन में यह नहीं लाना है कि काम चलेगा या नहीं चलेगा। बस पूरी मेहनत के साथ मेहनत करनी है। जब आप मेहनत करेंगे, तो ऊपरवाला भी आपकी मदद करेगा। इस योजना से अपने काम को बढ़ाने के लिए कोई परेशानी नहीं होगी, बस आप दिल लगाकर काम कीजिए।”

एक अभ्यर्थी इम्तियाज अहमद ने बताया कि वह 12वीं पास है। उसने जॉब के लिए अप्लाई किया, लेकिन जॉब नहीं मिली। इसके बाद उसने लोन के लिए अप्लाई किया। उसे ट्रेनिंग के दौरान काफी कुछ सीखने को मिला। उसने इस स्कीम के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया।

महिला अभिलाषा शर्मा ने बताया कि उन्होंने लोन के लिए अप्लाई किया था। इस दौरान उन्हें छह दिन की ट्रेनिंग दी गई, जिसमें बताया गया कि अपने बिजनेस को कैसे बढ़ाया जा सकता है।

इफ्तिखार के अलावा एलडीएम संजीव कुमार भसीन, निदेशक सुनील शर्मा और जिला अधिकारी मोहम्मद गयास खान सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी सभा को संबोधित किया और प्रतिभागियों को युवा उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए बनाई गई सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

राजौरी के युवाओं ने बेरोजगार युवाओं के उत्थान के उद्देश्य से ऐसी योजनाएं शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वीकार किया कि यह पहल उन्हें अपने उद्यम शुरू करने, बेरोजगारी को कम करने और आर्थिक विकास में योगदान देने के लिए महत्वपूर्ण प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता प्रदान करती है।

–आईएएनएस

एससीएच/एकेजे

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.