South East District Crime News : साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के सरिता विहार इलाके में कारोबारी से चाकू की नोक पर करीब ढाई लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा है। बालिग आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ लल्ला, यासीन और आजाद के रूप में हुई है।
डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि एसीपी सरिता विहार अनिल शर्मा की देखरेख में एसएचओ युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में एसआई महेश चंद, हेड कांस्टेबल सत्यपाल और हेड कांस्टेबल दिनेश की टीम ने आरोपियों को पकड़ा है। जांच में वारदात में कुल आठ लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 1 लाख 72 हजार 200 रुपये और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे सीलमपुर निवासी सगीर अली जसौला के पॉकेट-11 स्थित इकरा मस्जिद मोड़ के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान चार बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और उनका बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब 2.50 लाख रुपये नकद और अन्य निजी सामान था।
हर शुक्रवार रुपये लेने आता था कारोबारी
जांच में खुलासा हुआ कि पीड़ित जसौला गांव में झाड़ू बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल सप्लाई करता है। वह नियमित रूप से एक व्यक्ति के पिता को माल देता था और हर शुक्रवार भुगतान लेने इलाके में आता था। आरोपी शहनाज को कारोबारी के आने-जाने और नकदी लेकर चलने की जानकारी थी।
आरोप है कि उसने यह जानकारी अपने साथियों को दी, जिसके बाद लूट की साजिश रची गई। वारदात वाले दिन कुछ आरोपी स्कूटी से आगे चलकर पीड़ित की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे, जबकि अन्य मोटरसाइकिल से उसका पीछा कर रहे थे। सुनसान जगह मिलते ही उन्होंने पीड़ित को घेरकर लूटपाट की और फरार हो गए।


Download Android App
Download iOS App




