चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के साथ अपने मतभेदों को तवज्जो नहीं देते हुए सोमवार को कहा कि उनका अमृतसर के विधायक के साथ कोई मसला नहीं है और पूर्व मंत्री पार्टी में किसी के साथ भी किसी भी मामले पर चर्चा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है जब कुछ दिन पहले ही पूर्व क्रिकेटर और नेता सिद्धू ने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया है और इसे ‘पुनरुद्धार और पुनर्जागरण’ की ओर पंजाब को ‘प्रेरित’ करने का मंच बताया है। कांग्रेस विधायक की पार्टी में स्थिति के बारे में पूछने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और कोई भी निर्णय लेने में ‘हम उसकी सभी इच्छाओं पर विचार करेंगे”।
उन्होंने कहा कि वह सिद्धू को तबसे जानते हैं जब वह दो साल के थे और उनका सिद्घू से कोई निजी मसला नहीं है। 56 वर्षीय सिद्धू का पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के साथ टकराव रहा है। सिद्घू को पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान शहरी क्षेत्रों में कांग्रेस के ‘खराब प्रदर्शन’ के लिए स्थानीय शासन विभाग को सही तरीके नहीं संभालने का दोषी ठहराया गया था।
जून में, मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने स्थानीय शासन और पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग सिद्धू से वापस ले लिए थे और उन्हें बिजली और नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा विभाग दिया गया था। इसके बाद सिद्घू ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था।


Download Android App
Download iOS App



