लुधियाना : पंजाब की 4 विधानसभा सीटों पर 21 अक्तूबर को हुए उपचुनावों के आज घोषित नतीजों के मुताबिक कैप्टन अमरेंद्र सिंह की अढ़ाई साल की कारगुजारी पर सूबे के वोटरों ने फतवा दर्ज करवाते हुए कांग्रेस के सिर पर लोकतांत्रिक ध्वज एक बार फिर फहरा दिया।
जबकि इन्ही चुनावी नतीजों के मुताबिक कैप्टन के अति विश्वासनीय कहे जाने वाले सियासी सिपाह-सलार और कांग्रेस के महासचिव छोटे कैप्टन संदीप सिद्धू, लुधियाना की दाखा विधानसभा उपचुनावों में हार का मुंह देखने के लिए मजबूर हुए जबकि शिरोमणि अकाली दल (बादल) के प्रधान और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल का व्यक्तिगत सियासी मजबूत किला हलका जलालाबाद में पहली बार चुनाव लड़ रहे कांग्रेसी प्रत्याशी रमिंद्र आवला ने सेंधमारी करके ध्वस्त किया है।
स्मरण रहे कि दाखा विधानसभा से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे एचएस फुलका के इस्तीफे के कारण लोगों को उपचुनावों का मुंह देखना पड़ा जबकि जलालाबाद हलके से सुखबीर सिंह बादल का फिरोजपुर संसदीय सीट जीतने पर विधानसभा से इस्तीफा दिए जाने के कारण लोगों को एक बार फिर चुनावों का सामना करना पड़ा।
इसी प्रकार फगवाड़ा से बलविंदर सिंह धालीवाल ने भाजपा प्रत्याशी राजेश वाघा को और मुकेरियां मेें कांग्रेस की इंदु बाला ने भाजपा के जंगी लाल महाजन को हार का मजा चखने के लिए मजबूर किया है। जंगीलाल महाजन, सोमनाथ केंद्रीय वाणिज्य और उद्योगराज्य के नजदीकी समझे जाने वाले नेता थे, जो इस चुनावी मैदान में धराशाही हुए है जबकि भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले फगवाड़ा से चुनाव मैदान में उतरे राजेश वाघा को एक बड़े अंतराल से चुनावी हार देखने को मिली।
उल्लेखनीय है कि मुकेरिया से इंदु बाला के विधायक पति रजनीश बब्बी की मृत्यु के बाद हलका खाली हुआ था तो कांग्रेस ने पति की मौत के बाद इंदुबाला को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया था जबकि भाजपा के नेता सोमनाथ के सांसद बनने के उपरांत केंद्रीय मंत्री बनाए जाने के कारण फगवाड़ा हलका से इस्तीफा देना पड़ा, तो कांग्रेस के बलविंद्र सिंह धालीवाल ने भाजपा प्रत्याशी राजेश वाघा को हार का मजा चखाया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज सुबह-सवेरे से ही 8 बजे के उपरांत मतगणना शुरू होते ही रूझान आने शुरू हुए तो शुरूआती दौर में ही मुकेरियां (होशियारपुर), फगवाड़ा (कपूरथला) व जलालाबाद (फाजिल्का) से कांग्रेसी उम्मीदवार और दाखा (लुधियाना) से अकाली प्रत्याशी ने अपनी-अपनी पार्टी के लिए बढ़त बनानी शुरू कर दी।
फगवाड़ा में कांग्रेस के बलविंदर सिंह धालीवाल ने भाजपा प्रत्याशी राजेश वाघा को 26116 मतों के अंतर से हराया। दाखा में अकाली दल के मनप्रीत सिंह अयाली ने कांग्रेस के कैप्टन संदीप सिंह संधू को 14676 वोटों के अंतर से हराया। मुकेरियां मेें कांग्रेस की इंदु बाला ने भाजपा के जंगी लाल महाजन पर 3440 मतों से जीत दर्ज की है। जलालाबाद में कांग्रेस के रमिंदर आवला ने अकाली दल के डॉ. राज सिंह डिब्बीपुरा को 17001 मतों के अंतर से पराजित किया।
सुरक्षा की दृष्टि से मतगणना केंद्रों के आसपास भारी संख्या में पुलिस तैनात हैं। मतगणना केंद्र में हर आने और जाने वाले पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही थी। स्मरण रहे कि वोटिंग के दिन फगवाड़ा में 55.97 फीसद, जलालाबाद में 78.76 फीसद, मुकेरियां मुकेरियां में 59 फीसद और दाखा में 71.86 फीसद मतदान हुआ है। चारों सीटों पर कुल 66.50 फीसद वोटिंग हुई थी।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



