Punjab News: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को पंजाब में जिला परिषद और ब्लॉक समितियों के नवनिर्वाचित सदस्यों से मुलाकात कर विस्तार से बातचीत की। इस बैठक में पंजाब की राजनीति, कानून-व्यवस्था, नशे के खिलाफ अभियान, विकास कार्यों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जैसे पंजाब में नशे के खिलाफ “युद्ध नशेयां विरुद्ध” अभियान चलाया गया, उसी तरह अब जल्द ही गैंगस्टरों के खिलाफ भी बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पंजाब के सभी गैंगस्टरों और उनके पूरे नेटवर्क को ढूंढकर खत्म किया जाएगा, चाहे वे कहीं भी छिपे हों।

Punjab News: गांव-गांव में जीत, काम की राजनीति पर जनता की मुहर
केजरीवाल ने कहा कि गांव-गांव में आम आदमी पार्टी की जीत यह साबित करती है कि पंजाब की जनता ने काम और ईमानदारी की राजनीति को चुना है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार जनभागीदारी, ईमानदारी और विकास के मॉडल को और मजबूत करेगी। उन्होंने कांग्रेस और अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में पंजाब में डर, झूठे केस और गुंडागर्दी का माहौल था। आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस संस्कृति को खत्म किया और लोगों को बिना डर के जीने का माहौल दिया।

Punjab News Today: ‘मिशन 45 प्रतिशत वोट’ का लक्ष्य
अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को अगला लक्ष्य देते हुए कहा कि अब पार्टी को 38 प्रतिशत वोट शेयर से आगे बढ़ाकर 45 प्रतिशत तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी अब गांव-गांव जाकर जनता से जुड़ने की है। केजरीवाल ने कहा कि पहले पंचायत और स्थानीय चुनावों में जबरदस्ती और धांधली आम बात थी। लेकिन इस बार चार साल सत्ता में रहने के बाद भी आम आदमी पार्टी की सरकार ने पूरी तरह निष्पक्ष चुनाव कराए। उन्होंने बताया कि सैकड़ों सीटों पर जीत-हार का अंतर बहुत कम रहा, जो यह दिखाता है कि चुनाव पूरी ईमानदारी से हुए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार चाहती तो सत्ता का गलत इस्तेमाल करके चुनाव परिणाम बदल सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। आम आदमी पार्टी सत्ता पाने के लिए नहीं, बल्कि राजनीति को साफ करने के लिए बनी है।

नशा और अपराध फैलाने वालों पर सीधा हमला
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में नशा पिछली सरकारों के समय फैला। कई राजनीतिक दलों के नेता और उनके रिश्तेदार नशा तस्करी और अपराध में शामिल रहे। आम आदमी पार्टी ने तय किया कि पंजाब के युवाओं को नशे से बचाना है, इसलिए बड़े नशा तस्करों को जेल भेजा गया। उन्होंने बताया कि अब तक 28,000 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं और 400 से अधिक नशा तस्कर जेल में हैं। अब “युद्ध नशेयां विरुद्ध” का दूसरा चरण शुरू हो चुका है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब ‘आप’ सरकार बनी, तब पंजाब भारी कर्ज में डूबा हुआ था। कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलता था। आज हालात बदल चुके हैं। सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल रहा है और सरकार हर पैसा बचाकर सही जगह खर्च कर रही है।
मुफ्त बिजली और पुराने बिल माफ
उन्होंने कहा कि आज पंजाब में लोगों को जीरो बिजली बिल मिल रहे हैं। पहले लोग हजारों रुपये के बिल लेकर परेशान रहते थे। अब न सिर्फ मुफ्त बिजली मिल रही है, बल्कि पुराने बिजली बिल भी माफ किए गए हैं। केजरीवाल ने कहा कि चार साल सरकार चलाने के बाद भी अगर पार्टी को 38 प्रतिशत वोट मिले और 70 प्रतिशत से ज्यादा सीटें जीतीं, तो यह जनता का काम पर भरोसा है। यह वोट ईमानदारी, शालीनता और अच्छे काम के लिए मिला है।

जनता से जुड़ने की अपील
नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से उन्होंने कहा कि अहंकार से बचें। लोगों के घर जाएं, उनके सुख-दुख में शामिल हों। सिर्फ सरकारी काम ही नहीं, बल्कि निजी मुश्किलों में भी लोगों का साथ दें। अहंकार ने पहले की पार्टियों को खत्म किया, वही गलती ‘आप’ को नहीं करनी है। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ही वह पार्टी है जो आम लोगों को टिकट देती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि न तो भगवंत मान और न ही वे खुद किसी राजनीतिक परिवार से आते हैं, फिर भी मुख्यमंत्री बने। अगर कोई ईमानदारी से काम करता है, तो वह विधायक और मंत्री भी बन सकता है।
भ्रष्टाचार और लालच पर सख्त चेतावनी
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो भी भ्रष्टाचार करेगा या पैसा कमाने के लिए राजनीति करेगा, उसका राजनीतिक जीवन खत्म हो जाएगा। लेकिन जो सेवा करेगा, वह बहुत आगे जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि पहले झूठे केस आम थे और लोग सरकार से डरते थे। आज हालात बदल चुके हैं। दलितों और कमजोर वर्गों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं भी काफी हद तक रुकी हैं। अब सरकार से नहीं, अपराधियों को डर लगता है।

रोजगार, सड़कें और तीर्थ यात्रा
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में 60,000 से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी गई हैं, वो भी बिना रिश्वत और सिफारिश के। गांवों में करीब 19,000 किलोमीटर सड़कें बन रही हैं और कुल 42,000 किलोमीटर सड़कें निर्माणाधीन हैं।साथ ही, तीर्थ यात्रा योजना के तहत गांव-गांव से बसें धार्मिक स्थलों के लिए भेजी जा रही हैं। नशे के बाद अब सरकार का अगला बड़ा लक्ष्य गैंगस्टरों को खत्म करना है। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब से गैंगस्टर राज का पूरी तरह सफाया किया जाएगा।

CM भगवंत मान का संबोधन
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सोच ने देश की राजनीति की दिशा बदल दी है। आज शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसे मुद्दे राजनीति के केंद्र में हैं, जो पहले कभी प्राथमिकता नहीं थे। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय चुनाव जीतना आसान नहीं होता और यह जीत उनके मेहनत का नतीजा है।

परिवारवाद पर हमला
भगवंत मान ने कहा कि दूसरी पार्टियों में टिकट परिवारों में बांटे जाते हैं, जबकि ‘आप’ में आम आदमी को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। उन्होंने अकाली दल पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पास अब लोगों को संबोधित करने के लिए नेता भी नहीं बचे हैं। पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह जीत सरकार की जनहितैषी नीतियों में जनता के भरोसे को दिखाती है। उन्होंने कहा कि गांव पंजाब की आत्मा हैं और सरकार ग्रामीण विकास के लिए फंड की कोई कमी नहीं होने देगी।
यह भी पढ़ें: सिख विरासत के सम्मान में भगवंत सिंह मान सरकार का ऐतिहासिक दौर, दशकों पुरानी माँगें पहली बार हुईं पूरी






















