Punjab News : पंजाब के बरनाला जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दिवंगत पंजाबी रैपर सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्त और मशहूर सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं।
घटना बरनाला के गांव फरवाही स्थित उनके आवास की है, जहां रात करीब 1:30 बजे बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए करीब छह राउंड फायर किए। वारदात के वक्त गुलाब सिद्धू अपने शो के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया में थे, जबकि उनका परिवार घर के अंदर मौजूद था। राहत की बात यह रही कि गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ।
CCTV में कैद हमलावरों की करतूत
फायरिंग की यह पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार तीन हमलावर नकाब पहने हुए आए। इनमें से बाइक चला रहा बदमाश मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, जबकि पीछे बैठे दो साथियों ने अचानक रिवॉल्वर निकालकर गेट पर गोलियां दागनी शुरू कर दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गोलियों के निशान गेट पर साफ देखे जा सकते हैं।
दो गनमैन थे तैनात
गैंगस्टर थ्रेट और पुरानी रंजिश के चलते पंजाब पुलिस ने गुलाब सिद्धू की सुरक्षा के लिए पहले से ही दो सुरक्षाकर्मी तैनात कर रखे थे। इससे पहले भी उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। इस मामले में एक अन्य मोड़ तब आया जब पंजाबी सिंगर विक्की तालीवान को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी पर आरोप है कि उसने इस फायरिंग का वीडियो बनाकर उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर शेयर किया था।
पुलिस की जांच और तलाश तेज
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ इलाके के मोबाइल टावर डंप डेटा की भी जांच कर रही है, ताकि हमलावरों के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए कई टीमों का गठन कर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें – Punjab News Today: स्टेलाटोज़ ने जालंधर में नए स्टोर के लॉन्च के साथ पंजाब में बढ़ाया अपना विस्तार


Download Android App
Download iOS App



