पंजाब के मोस्ट वांटेड आतंकी हैप्पी पासिया की गिरफ्तारी, परिवार लापता

Summary :

अमेरिकी FBI ने पकड़ा पंजाब का मोस्ट वांटेड आतंकी हैप्पी पासिया

पंजाब के मोस्ट वांटेड आतंकवादी हैप्पी पासिया को एफबीआई ने सैक्रामेंटो में गिरफ्तार कर लिया है। पासिया पर 14 आतंकवादी हमलों की साजिश रचने का आरोप है और वह लंबे समय से अमेरिका में रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार के सभी सदस्य लापता हैं और घर वीरान पड़ा हुआ है।

पंजाब के मोस्ट वांटेड आतंकवादी हैप्पी पासिया को अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। इसे राज्य में लंबे समय से चल रही आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। हैप्पी पासिया पर पंजाब में 14 आतंकवादी हमलों की साजिश रचने का आरोप है और वह कई वर्षों से अमेरिका में रह रहा था।गिरफ्तारी के बाद, अमृतसर के अजनाला स्थित हैप्पी पासिया के घर के बाहर ताला लटका हुआ पाया गया। इसके साथ ही, घर के सभी सदस्य भी गायब हैं। घर पूरी तरह से वीरान पड़ा हुआ है।

हैप्पी पासिया की गिरफ्तारी आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता : पंजाब के डीजीपी

उल्लेखनीय है कि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट पर एफबीआई और अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने उसे पकड़ा है। इस गिरफ्तारी से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि वह लंबे समय से हैप्पी पासिया की तलाश कर रही थी। पासिया पर पांच लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। एफबीआई ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि हैप्पी पासिया को सैक्रामेंटो में गिरफ्तार किया गया। वह दो अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी समूहों से जुड़ा हुआ था और अवैध रूप से अमेरिका में घुसने के लिए बर्नर फोन का इस्तेमाल कर रहा था।

डीजीपी ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि 17 अप्रैल को अमेरिका के सैक्रामेंटो शहर में एफबीआई और आईसीई ने उसे गिरफ्तार किया है, जो भारत और अमेरिका के बीच बेहतरीन अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान का परिणाम है। इस पूरे अभियान में पंजाब पुलिस ने केंद्र सरकार की एजेंसियों के साथ लगातार खुफिया सूचनाएं साझा की। पिछले छह महीने में पंजाब में हुए ग्रेनेड हमलों में हैप्पी पासिया का हाथ होने का आरोप है। इसे देखते हुए उसकी गिरफ्तारी को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.