राजस्थान में जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) हॉस्पिटल के चरक भवन में देर शाम एक महिला के सिर पर चलता हुआ पंखा गिर गया। इस हादसे में महिला घायल हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद महिला और उसके परिजन इलाज के लिए करीब आधे घंटे तक इंतजार करते रहे। जब आधे घंटे बाद एम्बुलेंस आई, तो उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
बहन से मिलने अस्पताल पहुंची थी महिला
बताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार शाम 6 बजे की है। रेणु (59) अपनी बहन से मिलने के लिए अस्पताल गई हुई थी, वह वार्ड में बेड के पास टेबल पर बैठी थी। तभी अचानक से चलता हुआ पंखा उसके सिर पर गिर गया। महिला के सिर से खून बहने लगा, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए। परिजनों ने महिला को तत्काल इलाज दिलाने की कोशिश की, लेकिन कहना है कि महिला को इलाज मिलने में काफी टाइम लगा।
इलाज के लिए आधा घंटा इंतजार करना पड़ा
पीड़ित महिला के परिजनों का आरोप है की घायल को तुरंत इलाज नहीं मिला। वह घटना के करीब 10-15 मिनट तक इंतजार करते रहे। इसके बाद वार्ड में मौजूद नर्सिंग स्टाफ की तरफ से एम्बुलेंस बुलाई गई। फिर करीब 10-15 मिनट बाद एम्बुलेंस पहुंची और घायल महिला को ट्रॉमा सेंटर लेकर जाया गया। यानी हादसे से करीब आधे घंटे बाद महिला को इलाज मिला।
महिला की सिर की चोट पर लगे 15 टांके
रेणु को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर की गंभीर चोट पर 15 टांके लगाए। हालांकि, उसे अस्पताल में भर्ती करने के बजाय वापस चरक भवन भेज दिया गया, जहां उसकी बहन संतोष पहले से भर्ती थी। परिजनों का कहना है कि पहले डॉक्टरों ने महिला को मेडिसिन विभाग में भर्ती कराने की सिफारिश की थी। हालांकि बाद में उसे भर्ती नहीं किया और चरक भवन भेज दिया।



Download Android App
Download iOS App




