Rajasthan Christmas News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के शिक्षा अधिकारी ने निजी स्कूलों को क्रिसमस-डे के अवसर पर बच्चों को सांता क्लॉज की ड्रेस पहनाने को लेकर चेतावनी दी है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक वाधवा द्वारा 22 दिसंबर जारी आदेश में साफ कहा गया है कि जिला हिंदू और सिख बहुल्य क्षेत्र है और बच्चों पर किसी भी तरह की परंपरा को थोपना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की कोई शिकायत सामने आती है, तो संबंधित स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Sri Ganganagar Education Department News: आदेश में क्या कहा गया?
आदेश में साफ कहा गया है कि सभी निजी और सरकारी स्कूल सांता क्लॉज बनाने के लिए बच्चों और अभिभावकों पर दबाव नहीं डाल सकता। अगर किसी भी स्कूल में इस प्रकार का दबाव डाला जाता है, तो विभाग नियमानुसार कार्यवाही करेगा। वहीं, अभिभावक या संगठन द्वारा शिकायत मिलने पर संबंधित संस्था खुद उत्तरदायी होगी। ये आदेश शिक्षा जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है और स्थानीय समुदाय इसे संवेदनशील और समुचित कदम मान रहा है।
भारत-तिब्बत सहयोग मंच के शिकायत पर आदेश जारी

यह आदेश भारत-तिब्बत सहयोग मंच के जिला अध्यक्ष सुखजीत सिंह अटवाल की शिकायत के बाद जारी किया गया। संगठन का कहना है कि पिछले कुछ सालों से कुछ निजी स्कूल बच्चों को जबरन सांता क्लॉज बना कर कार्यक्रमों में शामिल कर रहे हैं, जिससे अभिभावकों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका आरोप है कि श्रीगंगानगर हिंदू-सिख बहुल क्षेत्र है, और किसी भी समुदाय की परंपरा को बच्चों पर जबरन थोपना गलत है। शिक्षा विभाग ने कहा कि यह आदेश बच्चों की संवेदनाओं का सम्मान करने के लिए जारी किया गया है, साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि बच्चों पर कोई भी दबाव न डाला जाए।
Rajasthan News: 25 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’

आदेश में ये भी उल्लेख किया गया है कि 25 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ भी मनाया जाता है, जो साहिबजादों के बलिदान की स्मृति को समर्पित है। ऐसे में स्कूलों को अपने कार्यक्रमों में संवेदनशीलता, संतुलन और सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान बनाए रखना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App




