यूपी में ब्राह्मण विधायकों की बैठक, करीब 50 MLA हुए शामिल; तस्वीरें वायरल होने पर गरमाया माहौल

Summary :

Meeting of BJP Brahmin MLAs: यूपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच मंगलवार शाम हुई ब्राह्मण विधायकों की बैठक से सियासी पारा बढ़ गया है। यह बैठक कुशीनगर से भाजपा विधायक पीएन पाठक (पंचानंद पाठक) के लखनऊ स्थित आवास पर हुई। इस बैठक की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। UP Politics: बीजेपी ने दी सफाई भाजपा विधायक पीएन पाठक ने बैठक को लेकर सफाई देते हुए कहा कि इसे किसी राजनीतिक रणनीति या गुटबाजी से जोड़कर देखना गलत है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले विधानसभा में बैठे-बैठे बातचीत के दौरान लिट्टी-चोखा…

Meeting of BJP Brahmin MLAs: यूपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच मंगलवार शाम हुई ब्राह्मण विधायकों की बैठक से सियासी पारा बढ़ गया है। यह बैठक कुशीनगर से भाजपा विधायक पीएन पाठक (पंचानंद पाठक) के लखनऊ स्थित आवास पर हुई। इस बैठक की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

UP Politics: बीजेपी ने दी सफाई

Meeting of BJP Brahmin MLAs
Meeting of BJP Brahmin MLAs

भाजपा विधायक पीएन पाठक ने बैठक को लेकर सफाई देते हुए कहा कि इसे किसी राजनीतिक रणनीति या गुटबाजी से जोड़कर देखना गलत है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले विधानसभा में बैठे-बैठे बातचीत के दौरान लिट्टी-चोखा कार्यक्रम का विचार आया था। संयोग से उनके घर पर इसकी व्यवस्था संभव थी, इसलिए सभी को आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह अनौपचारिक और सामाजिक मुलाकात थी, जिसमें संगठन और विकास से जुड़े विषयों पर बातचीत हुई।

भाजपा विधायक पीएन पाठक ने कहा पारिवारिक मुद्दों हुई बातचीत

पीएन पाठक ने कहा, ”जब लोग आपस में बैठते हैं, तो स्वाभाविक है कि बच्चों, परिवार और समाज की बातें होती हैं। इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है। विपक्ष बेवजह इसे मुद्दा बना रहा है क्योंकि उनके पास कोई ठोस सवाल नहीं है।” उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज शुरू से बीजेपी के साथ रहा है, आज भी है और आगे भी रहेगा। समाज को लेकर अगर कहीं कोई समस्या आती है, तो हमारा कर्तव्य बनता है कि वे अपने समाज के साथ खड़े हों।

UP News: शिवपाल यादव के बयान पर बीजेपी MLA ने दिया जवाब

भाजपा विधायक ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि विपक्ष बार-बार यह कहने की कोशिश करता है कि ब्राह्मण समाज उपेक्षित है, जबकि सच्चाई यह है कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है। पीएन पाठक ने कहा, ”हम पार्टी के कार्यकर्ता हैं, यहां जात-पात की राजनीति नहीं होती। ब्राह्मण समाज भाजपा के साथ था और रहेगा।”

राजभर ने इस बैठक को जातिगत राजनीति से जोड़ा

यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने इस पूरे मामले को जातिगत राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि यह देश पहले कृषि प्रधान था, अब जाति प्रधान बन गया है। उन्होंने कहा, ”जब तक तहसीलों में जाति प्रमाण पत्र बनते रहेंगे, तब तक जातिवाद खत्म नहीं होगा।” राजभर ने यह भी कहा कि अगर किसी समाज को परेशानी है तो उसे मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री से मिलकर अपनी बात रखनी चाहिए।

Meeting of BJP Brahmin MLAs: विपक्ष ने सरकार पर बोला हमला

इधर ब्राह्मण विधायकों की बैठक को लेकर विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला। सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि यह बैठक उन लोगों की है, जिनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उनके मुताबिक लगातार उपेक्षा से परेशान लोग जब अपनी बात नहीं रख पाते, तो मजबूरन ऐसे मंच तलाशते हैं। ऐसा लगता है कि जो लोग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं, उन्होंने मिलकर कोई रणनीति बनाई है ताकि सरकार तक उनकी आवाज पहुंचे।

UP BJP: ठाकुर-ब्राह्मण को लेकर ये क्या बोल गए अमिताभ बाजपेयी?

अमिताभ बाजपेयी ने यह भी कहा कि इससे पहले ठाकुर समाज की भी बैठक हुई थी और अब ब्राह्मण विधायकों की बैठक हो रही है। यह साफ संकेत है कि समाज के अलग-अलग वर्ग खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ”यह ऐसा दर्द है जिसे न ठीक से सहा जा रहा है, न खुलकर कहा जा रहा है।”

यूपी आज दो हिस्सों में बंटा हुआ है- सपा विधायक

सपा विधायक ने आगे कहा कि आज प्रदेश में समाज दो हिस्सों में बंट गया है, एक लाभान्वित वर्ग, जिसे जाति देखकर सीधे लाभ मिल जाता है और दूसरा वह बड़ा वर्ग, जिसे कोई लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेके, पट्टे और बड़े पदों पर नियुक्तियां एक खास वर्ग तक सीमित होती जा रही हैं। अगर आप खुद जांच करेंगे, तो फर्क साफ दिखाई देगा। उनका कहना है कि बीजेपी में सिर्फ ब्राह्मण ही नहीं, बल्कि किसी भी वर्ग की सुनवाई नहीं हो रही। सत्ता में सिर्फ एक ही वर्ग की चल रही है, बाकी सब खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल! 20 साल बाद साथ आए ‘ठाकरे ब्रदर्स’; मंच से कर रहे गठबंधन का ऐलान

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।