Rajasthan: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सीएम भजनलाल पर साधा निशाना, केंद्र की कठपुतली बताया

Summary :

डोटासरा का भजनलाल पर हमला, केंद्र की कठपुतली बताया

राजस्थान के कोटा में ‘संविधान बचाओ रैली’ के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को केंद्र की कठपुतली बताया। उन्होंने मोदी सरकार पर महिला आरक्षण कानून लागू न करने का आरोप लगाया और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के प्रवास पर भी निशाना साधा।

राजस्थान के कोटा में शनिवार को लोकसभा प्रत्याशी प्रह्लाद गुंजल के नेतृत्व में दधीच गार्डन में ‘संविधान बचाओ रैली’ आयोजित हुई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधा और उन्हें केंद्र सरकार की कठपुतली बताया।

गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “मोदी सरकार ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कानून बना दिया, लेकिन आज तक कानून लागू नहीं किया।”

मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को घेरते हुए उन्होंने कहा, “वह कभी-कभी सरकार पर टोटका कर देते हैं। किरोड़ी (लाल मीणा) को एक साल तक तो पता ही नहीं लगा कि वह किस विभाग के मंत्री हैं।”

कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री के बारे में कहा, “हमें गाली दे-देकर उन्हें टॉन्सिल हो गया है। हमें मगरमच्छ बताने वालों के लिए जेल के गेट चौड़े करवाने पड़ेंगे।”

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के राजस्थान प्रवास को लेकर भी डोटासरा ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जे.पी. नड्डा ने साफ और स्पष्ट कह दिया है कि भजन लाल को मुख्यमंत्री मत मानो। हमारी विचारधारा से राजस्थान में सरकार चल रही है।”

उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत होगी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्यक्रम की तस्वीर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “सत्ता में बैठी भाजपा बार-बार बाबा साहेब अंबेडकर के दिए संविधान पर प्रहार करके इसे खत्म करने का प्रयास कर रही है। ये लोग एजेंसियों और सत्ता के दुरुपयोग से नागरिकों के अधिकारों को कुचलना चाहते हैं। हमें इस अन्याय एवं अत्याचार के खिलाफ लड़ना होगा। संविधान हर वर्ग के हित की रक्षा करता है, संविधान की रक्षा में ही देश के नागरिकों की सुरक्षा है।”

वहीं, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा, “संविधान में कहीं नहीं लिखा कि पर्ची से सीएम बनेगा, लेकिन बीजेपी ने बना दिया। इस तरह यह संविधान को तार-तार कर रहे हैं। आयरन लेडी इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे। उसके बाद जाकर अमेरिका से बात की थी। लेकिन आज अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सीजफायर करवा रहे हैं।”

राजस्थान में कोरोना के 15 नए मामले, जयपुर में सबसे ज्यादा

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.