Kya Mahilayein Pind Daan kar Sakti Hain: बेटा न होने पर क्या बेटियां या बहुएं कर सकती हैं श्राद्ध? जानें गरुड़ पुराण के ये अनसुने नियम

Summary :

हिंदू धर्म में पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान, श्राद्ध और तर्पण को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, जो परंपरागत रूप से परिवार के पुरुष सदस्यों द्वारा किए जाते हैं। गरुड़ पुराण के अनुसार, यदि पुत्र उपलब्ध न हो, तो पत्नी, बहू या अन्य करीबी रिश्तेदार भी श्राद्ध कर सकते हैं।

Kya Mahilayein Pind Daan kar Sakti Hain: गरुड़ पुराण में जीवन और मृत्यु से जुड़ी कई बातें बताई गई हैं। हिंदू धर्म में पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान को बहुत जरूरी बताया गया है। किसी इंसान की मृत्यु के बाद उसकी आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान किया जाता है। माना जाता है कि इन कामों के जरिए हम मृत व्यक्ति के प्रति अपना सम्मान और फर्ज निभाते हैं।  आमतौर पर ये सभी काम परिवार के पुरुष ही करते हैं। लेकिन अगर परिवार में कोई बेटा या पुरुष वारिस न हो, तो क्या कोई महिला ये काम कर सकती है? आइए जानें।

क्या कहता है गरुड़ पुराण?

Kya Mahilayein Pind Daan kar Sakti Hain
Kya Mahilayein Pind Daan kar Sakti Hain (Source: Social Media)

गरुड़ पुराण में श्राद्ध के महत्व और इसे करने वाले व्यक्ति के बारे में बताया गया है। इसमें एक श्लोक के जरिए कहा गया है कि अगर बेटा न हो, तो पत्नी, बहू या दूसरे करीबी रिश्तेदार भी श्राद्ध कर सकते हैं। श्लोक:

“पुत्राभावे वधूः कुर्यात् आर्याभावे शिष्य एव वा…”

यानी अगर बेटा मौजूद न हो, तो स्थिति के अनुसार पत्नी या बहू श्राद्ध कर सकती है। अगर वे भी न हों, तो भाई, भतीजा या भांजा जैसे दूसरे पारिवारिक सदस्य यह काम कर सकते हैं। और अगर कोई करीबी रिश्तेदार भी न हो, तो शिष्य, दोस्त या कोई अन्य योग्य व्यक्ति श्राद्ध कर सकता है। इससे यह पता चलता है कि श्राद्ध करने का हक सिर्फ पुरुषों तक सीमित मानना सही नहीं है। हालांकि, अलग-अलग परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं में इसके नियम और तरीके थोड़े अलग हो सकते हैं।

क्या औरतें तर्पण और पिंडदान कर सकती हैं?

धार्मिक परंपराओं में सबसे पहली प्राथमिकता पुत्र या पुरुष उत्तराधिकारी को ही दी जाती है। लेकिन धर्मशास्त्र यह भी कहते हैं कि किसी भी स्थिति में पितरों को तृप्ति से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। अगर परिवार में केवल बेटियां हैं या कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं है, तो महिलाएं जल तर्पण और बालू/चावल से पिंडदान कर सकती हैं। महिलाएं जब पिंडदान या श्राद्ध करती हैं, तो उनके लिए कुछ नियमों का पालन करना जरूरी माना गया है, जैसे कि वे कुशा को धारण करने और मंत्रोच्चार के नियमों में पंडित की सलाह के अनुसार बदलाव करती हैं।

माता सीता ने किया था राजा दशरथ का पिंडदान

Kya Mahilayein Pind Daan kar Sakti Hain
Kya Mahilayein Pind Daan kar Sakti Hain (AI Generated)

महिलाओं द्वारा पिंडदान करने का एक बड़ा उदाहरण माता सीता और राजा दशरथ की कहानी से मिलता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वनवास के समय भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता बिहार के गया पहुंचे थे, जहां उन्हें राजा दशरथ का श्राद्ध करना था। श्री राम और लक्ष्मण श्राद्ध का सामान लेने बाहर गए थे। उसी समय माता सीता को राजा दशरथ की आत्मा के दर्शन हुए और उन्होंने सही समय निकलने से पहले ही पिंडदान करने की इच्छा जताई। इसके बाद माता सीता ने फल्गु नदी, केतकी के फूल और बरगद के पेड़ को गवाह मानकर रेत का पिंड बनाया और राजा दशरथ का पिंडदान किया।

Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक ग्रंथियों, कहानियों या मान्यताओं पर आधारित है। पंजाब केसरी इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।