एसएस राजामौली की अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। करीब 1200 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन मेन रोल में नजर आएंगे। बाहुबली और RRR जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद राजामौली एक बार फिर दुनियाभर में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं। हालांकि, अब खबरें आ रही हैं कि फिल्म की रिलीज तय समय से आगे बढ़ सकती है।
मेकर्स ने पहले फिल्म को 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करने का ऐलान किया था। लेकिन Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, तमिल एंटरटेनमेंट चैनल वलाई पेचु ने दावा किया है कि तकनीकी परेशानियों के चलते फिल्म की रिलीज कुछ महीनों के लिए टाली जा सकती है। हालांकि, इस बारे में मेकर्स की ओर से अभी तक कोई ऑफिशियल बयान जारी नहीं हुआ है।
क्यों टल सकती है ‘वाराणसी’ की रिलीज?

रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स फिल्म को दुनियाभर में 18 अलग-अलग थिएट्रिकल फॉर्मेट में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए रिलीज से करीब 40 दिन पहले सभी जरूरी कंटेंट तैयार करना होगा। फिल्म के बड़े लेवल पर हो रहे VFX और पोस्ट-प्रोडक्शन के काम की वजह से इस डेडलाइन को पूरा करना मुश्किल माना जा रहा है।
IMAX समेत कई फॉर्मेट में रिलीज होगी फिल्म

राजामौली ‘वाराणसी’ को IMAX के खास 1.43:1 एक्सपैंडेड एस्पेक्ट रेशियो में तैयार कर रहे हैं। इसके अलावा अलग-अलग थिएट्रिकल फॉर्मेट के हिसाब से फिल्म की तस्वीर और साउंड में भी बदलाव करने होंगे। IMAX के लिए खास विजुअल और साउंड मास्टरिंग, डॉल्बी सिनेमा के लिए कलर ग्रेडिंग और 4DX के लिए एक्शन सीन्स के साथ सीट मूवमेंट जैसे इफेक्ट्स तैयार करना बड़ी चुनौती है। वहीं, ScreenX फॉर्मेट के लिए कुछ सीन्स को खास तरीके से तैयार करना पड़ता है।
फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट 7 अप्रैल 2027 ही है और पोस्टपोन होने की खबरों पर मेकर्स की ऑफिशियल मुहर नहीं लगी है। ऐसे में दर्शकों को फिल्म की रिलीज को लेकर आगे के अपडेट का इंतजार करना होगा।


Download Android App
Download iOS App




