भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट में कभी स्पिनर को टीम में रखने के बारे में नहीं सोचा क्योंकि उनका मानना था कि भारत के चार तेज गेंदबाज काम कर जाएंगे। भारत को दूसरे टेस्ट में 146 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
मेहमान टीम को तेज गेंदबाजों की अनुकूल पिच पर एक बार फिर आफ स्पिनर नाथन लियोन ने परेशान किया जिन्हें लगातार दूसरे मैच में आठ विकेट चटकाने के लिए मैन आफ द मैच चुना गया। भारत के पांचवें और अंतिम दिन दूसरी पारी में 140 रन पर सिमटने के बाद कोहली ने कहा, ‘‘जब हमने पिच को देखा तो हमने (रविंद्र) जडेजा के विकल्प के बारे में नहीं सोचा।
हमने सोचा कि चार तेज गेंदबाज काफी होंगे। उन्होंने कहा कि नाथन लियोन ने काफी अच्छी गेंदबाजी की। ईमानदारी से कहूं तो हमने कभी स्पिन विकल्प के बारे में नहीं सोचा। कोहली से जब पहली पारी के उनके 123 रन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जब आप जीत दर्ज नहीं करते तो आप प्रदर्शन के बारे में नहीं सोचते इसलिए यह बेमानी है क्योंकि हमें वह नतीजा नहीं मिला जो हम चाहते थे।


Download Android App
Download iOS App



