Hyundai Motor का मुनाफा 4% गिरा, आय में 1.5% की वृद्धि

Summary :

वैश्विक चुनौतियों के बीच हुंडई की आय बढ़ी

हुंडई मोटर इंडिया ने वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में 4% मुनाफे की गिरावट दर्ज की, जबकि आय में 1.5% की वृद्धि हुई। कंपनी ने 21 रुपए प्रति शेयर डिविडेंड की घोषणा की और घरेलू बिक्री में एसयूवी की हिस्सेदारी 68.5% रही। क्रेटा एसयूवी ने मिडसाइज सेगमेंट में अपनी लीडरशिप बरकरार रखी।

हुंडई मोटर इंडिया ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। जनवरी-मार्च अवधि में कंपनी के मुनाफे में कमी देखने को मिली है। कंपनी की स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में हुंडई मोटर इंडिया का मुनाफा 1,614 करोड़ रुपए रही है, जो कि वित्त वर्ष 24 की चौथी तिमाही के मुनाफे 1,677 करोड़ रुपए से 4 प्रतिशत कम है। हालांकि, समीक्षा अवधि में हुंडई मोटर इंडिया की आय सालाना आधार पर 1.5 प्रतिशत बढ़कर 17,940 करोड़ रुपए हो गई है। वित्त वर्ष 25 के लिए कंपनी ने 21 रुपए प्रति शेयर के डिविडेंड का ऐलान किया है। वित्त वर्ष 25 की चौथी तिमाही में कंपनी का ईबीआईटीडीए बढ़कर 2,533 करोड़ रुपए हो गया है। वहीं, ईबीआईटीडीए मार्जिन कम होकर 14.1 प्रतिशत हो गया है जो कि पहले 14.3 प्रतिशत था। हुंडई ने कहा कि उसे इस साल वैश्विक और व्यापक आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, वह मजबूत बिक्री के आंकड़े बनाए रखने में कामयाब रही।

कार डीलरों की आय में वृद्धि, बिक्री वॉल्यूम बढ़ा: रिपोर्ट

कंपनी ने बताया कि घरेलू बिक्री 5.99 लाख यूनिट्स और निर्यात बिक्री 1.63 लाख यूनिट्स रही है। हुंडई की सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली कारों में से एक क्रेटा एसयूवी रही, जिसने 30 प्रतिशत से अधिक बाजार हिस्सेदारी के साथ मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट में अपनी लीडरशिप बरकरार रखी। कंपनी की कुल घरेलू बिक्री में एसयूवी की हिस्सेदारी 68.5 प्रतिशत रही है।हुंडई मोटर इंडिया के सीईओ और एमडी उन्सू किम ने कहा कि वित्त वर्ष 2025, बदलती ग्राहक प्राथमिकताओं और बाजार स्थितियों के अनुकूल कंपनी की ढलने की क्षमता को दिखाता है।

किम ने आगे कहा कि कंपनी व्यापक आर्थिक अनिश्चितताओं और कमजोर ग्राहक भावना के कारण निकट भविष्य में घरेलू मांग को लेकर ‘सतर्क रूप से आशावादी’ बनी हुई है। हुंडई इंडिया के शेयर 3.70 रुपए या 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,839.70 रुपए पर बंद हुए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.