आगामी त्योहारों जैसे होली, रमजान, चैत्र नवरात्रि और ईद-उल-फितर को देखते हुए बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रमित शर्मा ने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने को लेकर एक अनूठी पहल की है। सोमवार को बरेली जोन के सभी परिक्षेत्रीय और जनपदीय सोशल मीडिया सेल के प्रभारी एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीजी ने बताया कि बरेली जोन में 82,332 वालंटियर सोशल मीडिया पर नजर रखेंगे। ये वालंटियर माइक्रो सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं, जो स्वेच्छा से पुलिस का सहयोग कर रहे हैं। इनकी भूमिका सोशल मीडिया पर किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने पर तुरंत प्रतिक्रिया देने की होगी। अगर ऐसा कोई पोस्ट किया जाता है, तो संबंधित अधिकारी उसका खंडन करेंगे और उचित कार्रवाई की जाएगी।
एडीजी ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि वे सोशल मीडिया का व्यक्तिगत रूप से उपयोग करते समय नियम-कानून का पालन करें और सोशल मीडिया पॉलिसी को ध्यान में रखें। इस नियम का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही, मीडिया कर्मियों से निरंतर संवाद बनाए रखने की बात करते हुए एडीजी ने कहा कि किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर बेसिक डिटेल्स तुरंत साझा की जाए, ताकि अफवाहों को रोका जा सके।
रमित शर्मा ने बताया कि 2015 में मेरठ रेंज के डीआईजी रहते हुए शुरू हुआ डिजिटल वॉलंटियर्स कार्यक्रम अब बरेली जोन में भी लागू किया गया है। इस पहल से त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
बता दें कि कई मौकों पर देखा गया है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग भड़काऊ पोस्ट करते रहते हैं, जिस वजह से हालात बिगड़ते हैं और हिंसा भी हो जाती है। यही कारण है कि इस तरह की पहल शुरू की गई है, जिससे ऐसी गतिविधियों पर तुरंत रोक लग सके।


Download Android App
Download iOS App



