दिल्ली : तीन साल में साफ होगी यमुना, भाजपा विधायक हरीश खुराना का दावा

Summary :

यमुना की सफाई पर भाजपा का बड़ा वादा, तीन साल में होगा पूरा

दिल्ली की मोती नगर सीट से भाजपा विधायक हरीश खुराना ने बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान यमुना की सफाई को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अगले तीन साल में यमुना को साफ कर लिया जाएगा और दिल्ली सरकार इस दिशा में काम कर रही है। हरीश खुराना ने कहा कि दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने बुधवार को यमुना का दौरा किया। यमुना की सफाई को लेकर भाजपा ने संकल्प लिया है, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा ने अगले तीन साल में यमुना को पूरी तरह साफ करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। रेखा गुप्ता की सरकार इस विजन के तहत आगे बढ़ रही है और यमुना को साफ करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

खुराना ने कहा कि दिल्ली का आगामी बजट राज्य और देश के विकास के लिए एक अहम कदम होगा। यह बजट एक विकसित भारत और विकसित दिल्ली का बजट होगा, जिसमें हर नागरिक के लिए कुछ न कुछ होगा। यह सभी वर्गों के हित में होगा और सभी को समावेशी विकास मिलेगा।

दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की योजना को लेकर विपक्ष की बयानबाजी पर भी खुराना ने तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और आतिशी को यह बताना चाहिए कि पंजाब में जो वादा उन्होंने किया था, वह क्यों पूरा नहीं किया। पंजाब में उन्होंने कितने लोगों को एक हजार रुपये दिए? हमारी सरकार को अभी 10-15 दिन ही हुए हैं, लेकिन हम जो वादा कर रहे हैं, उसे पूरा करेंगे। आम आदमी पार्टी को इतनी जल्दबाजी क्यों है?

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.