महाकुंभ में भीड़ नियंत्रण के लिए बलिया में प्रशासन की सक्रियता

Summary :

बलिया में महाकुंभ के लिए प्रशासन और रेलवे की संयुक्त गश्त

प्रयागराज महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बलिया जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने बलिया रेलवे स्टेशन पर रविवार को संयुक्त पैदल गश्त की। इस दौरान जिला प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की।

बलिया जिले के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि हम सक्रिय रूप से स्थिति को नियंत्रित कर रहे हैं। महाकुंभ के अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं। यात्रा को सुचारू रूप से चलाने के लिए रेलवे प्रशासन, जीआरपी और बलिया पुलिस मिलकर काम कर रही है। हम व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने आए थे। हालांकि, भीड़ अधिक है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी उम्मीद जताई कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से यात्रा करेंगे और महाकुंभ में डुबकी लगाने के बाद सकुशल वापस लौटेंगे। उन्होंने सुरक्षा को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि इस कार्य में बलिया पुलिस पूरी तरह से तत्पर है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को प्रयागराज स्थित महाकुंभ नगर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया और साधु-संतों से मुलाकात की। उन्होंने जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि से भेंट कर महाकुंभ की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद वह सदाफल आश्रम स्थित स्वर्वेद महामंदिर ट्रस्ट पहुंचे, जहां उन्होंने साधु-संतों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने संत समाज के साथ संवाद कर महाकुंभ की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और संतों ने योगी सरकार की तैयारियों की सराहना की।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.