अखिलेश यादव को मायूस होने की आदत : सुधांशु त्रिवेदी

Summary :

केंद्रीय बजट 2025-26 पर सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया

वाराणसी में रविवार को केंद्रीय बजट 2025-26 के उपलक्ष्य में आयोजित संगोष्ठी में पहुंचे भाजपा के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष पर जोरदार प्रहार किया।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि केंद्रीय बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया। लेकिन, अखिलेश यादव मायूस हैं। वह तब भी मायूस थे, जब सीएम योगी ने कहा था कि माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे। केंद्रीय बजट इतना अच्छा है फिर भी उन्हें मायूस होना है, तो मायूस होते रहिए।

महाकुंभ पर अखिलेश यादव के बयान पर सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “मेरा मानना ​​है कि ये वही लोग हैं, जो कभी हिंदू धर्म और सनातन धर्म को ‘कोरोना’, ‘वायरस’ या ‘बैक्टीरिया’ कहते थे। हकीकत यह है कि इनके दिमाग में नकारात्मकता भरी हुई है।

तेलंगाना सुरंग ढहने की घटना को लेकर सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत सरकार संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रही है। सुरक्षित बचाव अभियान सुनिश्चित करने के लिए तेलंगाना सरकार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

काशी में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को लेकर उन्होंने कहा कि 2019 में 30 लाख पर्यटक काशी पहुंचे थे। 2024 में 11 करोड़ जनता काशी पहुंची।

आजादी के बाद 2023 तक आगरा के ताजमहल में सबसे ज्यादा पर्यटक जाते थे। लेकिन, अब अयोध्या में सबसे ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर क‍िए पोस्ट में लिखा, “आज कमिश्नरी ऑडिटोरियम वाराणसी में केंद्रीय बजट 2025-26 के उपलक्ष्य में आयोजित संगोष्ठी में सम्मिलित हुआ और उपस्थित विद्वतजनों को संबोधित करने का अवसर प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा प्रस्तुत यह बजट ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने वाला है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में यह बजट सशक्त समृद्ध समरस और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.