Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता (Chief Engineer) आर.के. सिंह ने गुरुवार को जिले का दौरा कर विभिन्न सड़कों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ अधीक्षण अभियंता इंजीनियर आदित्य कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान धर्मार्थ योजना के तहत निर्माणाधीन और प्रस्तावित ग्रामीण सड़कों को देखा गया, जहां कई स्थानों पर कार्यों की गति संतोषजनक नहीं पाई गई।
Amethi News: स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
निरीक्षण के बाद मुख्य अभियंता ने नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार के कार्यालय में समीक्षा बैठक की। यह बैठक शाम पांच बजे के बाद शुरू हुई और काफी देर तक चली। बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान धर्मार्थ योजना और अन्य योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत परियोजनाओं की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य अभियंता ने यह जानकारी ली कि किन परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, किनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और किन सड़कों पर कार्य शुरू किया गया है। साथ ही यह भी पूछा गया कि किन योजनाओं में अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है और उसके कारण क्या हैं।
Uttar Pradesh News: बांड न भरने से कार्यों में आ रही बाधा
समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि प्रांतीय खंड में कई कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद बांड नहीं बनाए गए हैं। इससे सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं और योजनाओं की प्रगति प्रभावित हो रही है। इस लापरवाही पर मुख्य अभियंता ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुबंध और बांड बनाने में देरी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द बांड भरवाएं।
एक सप्ताह में कार्य शुरू कराने के निर्देश
मुख्य अभियंता आर.के. सिंह ने निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं पर एक सप्ताह के भीतर कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन कार्मिकों या ठेकेदारों की लापरवाही के कारण काम में देरी हो रही है, उनके खिलाफ नोटिस जारी किए जाएं और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीण सड़कों का किया गया निरीक्षण
गुरुवार को मुख्य अभियंता ने जगदीशपुर और मुसाफिरखाना क्षेत्र में तीन ग्रामीण सड़कों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान सड़कों की गुणवत्ता और वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
विभागीय लैब का भी किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद मुख्य अभियंता ने लोक निर्माण विभाग की प्रयोगशाला (लैब) का निरीक्षण किया। यहां निर्माण सामग्री की जांच प्रक्रिया और व्यवस्थाओं को देखा गया तथा गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
सहायक अभियंताओं के साथ अलग बैठक
मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता की बैठक समाप्त होने के बाद अधिशासी अभियंता इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने सभी सहायक अभियंताओं के साथ अलग से बैठक की। इसमें अभियान चलाकर सभी लंबित बांड भरवाने और सड़क निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराने के निर्देश दिए गए। इस बैठक में इंजीनियर रमेश चंद्र सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: शंकराचार्य का पहला पाठ अनुशासन, अविमुक्तेश्वरानंद खुद ही विवाद खड़ा कर रहे : सत्येंद्र जी महाराज


Download Android App
Download iOS App




