भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने सत्रहवीं लोकसभा चुनाव के मतदान बाद सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को बहुमत मिलने के अनुमानों के बीच निवर्तमान मंत्रिमंडल के सदस्यों से भेंट की। भाजपा के दीनदयाल मार्ग स्थित मुख्यालय में इस मुलाकात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री के पार्टी मुख्यालय में पहुंचने पर श्री शाह ने उनका स्वागत किया।
बाद में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने श्री मोदी को बड़ माला पहना कर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्रिमंडल में राजग के दलों के मंत्री तथा भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे। लोकजनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान, अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल, शिरोमणि अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल के अलावा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी, भाजपा के संगठन महासचिव रामलाल, केन्द्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, चौधरी बीरेन्द, सिंह, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल, प्रकाश जावड़कर, मुख्तार अब्बास नकवी, निर्मला सीतारमण, संतोष गंगवार, जनरल वी के सिंह, थावरचंद गहलोत, मेनका गांधी, रविशंकर प्रसाद आदि मौजूद थे।
इसके बाद होटल अशोक में राजग में शामिल दलों के नेताओं को रात्रिभोज पर आमंत्रित किया गया है। इस बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीसामी तथा लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान, शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहेंगे।


Download Android App
Download iOS App



