किस हाल में है हनीमून मनाने सिक्किम गया प्रतापगढ़ का कपल, पिछले कई दिनों से गायब

Summary :

देश से एक और हनीमून मामला आया सामने

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से हनीमून मनाने सिक्किम पहुंचा नवविवाहित कपल लापता हो गया है. यह हादसा 29 मई को उस समय हुआ जब सभी पर्यटक लाचेन से लाचुंग लौट रहे थे. बारिश के कारण सड़क फिसलनभरी हो गई थी, जिससे उनकी गाड़ी कथित रूप से तीस्ता नदी में गिर गई.

Uttar Pradesh News: देश में अभी राजा रघुवंशी और सोनम के हनीमून मामले को बीते कुछ दिन हुए है. इस बीच एक ऐसा ही मामला फिर से सामने आया है. उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से हनीमून मनाने सिक्किम पहुंचा नवविवाहित कपल लापता हो गया है. यह हादसा 29 मई को उस समय हुआ जब सभी पर्यटक लाचेन से लाचुंग लौट रहे थे. बारिश के कारण सड़क फिसलनभरी हो गई थी, जिससे उनकी गाड़ी कथित रूप से तीस्ता नदी में गिर गई. इस वाहन में दंपति समेत कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें दो उत्तर प्रदेश से, दो त्रिपुरा से और ड्राइवर समेत चार ओडिशा से थे.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लापता दंपति की पहचान प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र के राहाटीकर निवासी कौशलेंद्र प्रताप सिंह (29 वर्ष) और उनकी पत्नी अंकिता सिंह (26 वर्ष) के रूप में हुई है. कौशलेंद्र भारतीय जनता पार्टी के नेता उम्मेद सिंह के भाई शेर बहादुर सिंह के पुत्र हैं. कौशलेंद्र की शादी हाल ही में 5 मई को पट्टी थाना क्षेत्र के धनगढ़ सराय छिवलहा निवासी विजय सिंह डब्बू की बेटी अंकिता से हुई थी. शादी के बाद 25 मई को दोनों पति-पत्नी ट्रेन से सिक्किम के लिए रवाना हुए और 26 मई को मंगन पहुंचे थे. यहां से वे पर्यटन के लिए लाचेन की ओर निकल गए थे. 29 मई को वे लाचुंग लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटित हुई.

तलाशी अभियान जारी

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) तथा राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें खोजबीन में लग गईं. लेकिन अब तक न तो किसी का शव बरामद हुआ है और न ही कोई जीवित व्यक्ति मिला है. प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है, लेकिन खराब मौसम और तेज बहाव के कारण कठिनाइयाँ बनी हुई हैं.

Uttar Pradesh Newsकिलर्स नहीं मारते तो क्या करती सोनम, शातिर बीवी ने पहले ही बना लिया था प्लान B

परिजनों की उम्मीदें अब भी कायम

लापता दंपति के परिजनों ने सिक्किम जाकर स्थानीय अधिकारियों से मुलाकात की, जिसमें डीआईजी अक्षय सचदेवा और संबंधित क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक भी शामिल रहे. अधिकारियों ने बताया कि होटल से जोड़े का सामान बरामद कर लिया गया है, जिससे उनकी उपस्थिति की पुष्टि होती है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वे नदी में डूबे हैं या किसी और स्थान पर चले गए.

कौशलेंद्र के फूफा दिनेश सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पूरा परिवार सदमे में है और अब भी किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए बैठा है. उन्होंने अपील की कि राज्य और केंद्र सरकार इस हादसे में तेजी से हस्तक्षेप कर राहत कार्य को और प्रभावी बनाए.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।