बाराबंकी में पति की हत्या का आरोप, पत्नी और बेटे पर संदेह, घर के बाहर खून से लथपथ मिला शव

Summary :

Barabanki Murder News : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र के कुरथरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब 12 बजे घर की चौखट पर खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। लकड़ी का बेट बरामद, हत्या की आशंका घटनास्थल से पुलिस को एक लकड़ी का बेट मिला है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में…

Barabanki Murder News : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र के कुरथरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब 12 बजे घर की चौखट पर खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

लकड़ी का बेट बरामद, हत्या की आशंका

घटनास्थल से पुलिस को एक लकड़ी का बेट मिला है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से परिवार के भीतर लगातार विवाद हो रहा था। पड़ोसियों का कहना है कि घर में अक्सर झगड़े की आवाजें सुनाई देती थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी घरेलू विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया।

किए कई वार

मृतक की पहचान मोहित वर्मा, पुत्र रामकुमार वर्मा के रूप में हुई है। करीब 15 साल पहले उसकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा 12 वर्षीय बेटा गोलू वर्मा और 4 साल की बेटी वैष्णवी हैं। पड़ोसियों का कहना है कि लंबे समय से परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी, जो धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान पत्नी और बेटे ने मिलकर मोहित पर लकड़ी के बेट से कई बार वार किए। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एक महीने बाद घर लौटे पिता

मोहित के पिता रामकुमार वर्मा पिछले करीब एक महीने से अपनी बेटी के घर गए हुए थे। वे बुधवार को ही अपने घर लौटे थे। घर पहुंचते ही उन्हें अपने बेटे का शव दिखाई दिया, जिससे वह गहरे सदमे में आ गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है, लेकिन पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें – लगातार बेमौसम बारिश से बदला यूपी का मिजाज! 7 दिन में 20 लोगों की मौत और 12 घायल

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।