CM पुष्कर सिंह धामी ने रेल मंत्री से की मुलाकात, रेल परियोजनाओं को बढ़ावा देने की मांग

Summary :

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल सुरंग के सफल निर्माण पर बधाई

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की सफलता पर बधाई दी और देहरादून को सहारनपुर से जोड़ने के लिए सुरंग आधारित रेल लाइन परियोजना की मंजूरी की मांग की। उन्होंने टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने का भी अनुरोध किया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और उन्हें ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अंतर्गत भारत की सबसे लंबी रेल सुरंग देवप्रयाग से जनसू तक के सफल निर्माण के लिए बधाई दी। साथ ही सीएम धामी ने रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) द्वारा देवबंद-रुड़की नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दिए जाने पर राज्य की जनता की ओर से वैष्णव का आभार भी व्यक्त किया। इस दौरान सीएम पुष्कर धामी ने रेल मंत्री से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में प्रयोग की जा रही सुरंग प्रणाली की तर्ज पर देहरादून को मोहंड के रास्ते सहारनपुर से जोड़ने के लिए सुरंग आधारित रेल लाइन परियोजना का परीक्षण कर परियोजना को मंजूरी देने का अनुरोध किया।

रेल के फेरे बढ़ाने का अनुरोध

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजना के क्रियान्वयन, टनकपुर से नई दिल्ली के लिए वंदेभारत ट्रेन शुरू करने और टनकपुर-देहरादून रेल के फेरे बढ़ाने का अनुरोध किया। टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करते हुए उत्तराखंड के सीएम ने रेल मंत्री से इस पर आने वाला खर्च भारत सरकार द्वारा वहन करने और ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन की भूमि के सभी अधिकार राज्य सरकार को हस्तांतरित करने का अनुरोध भी किया।

चारधाम यात्रा: मेडिकल सर्टिफिकेट कैसे और किससे प्राप्त करें?

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग ब्रॉड गेज रेल परियोजना

बता दें कि इससे पहले 16 अप्रैल को CM पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भारत की सबसे लंबी रेल सुरंग, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की सुरंग टी-8 के सफल उद्घाटन समारोह में शामिल हुए थे, जो देवप्रयाग को जनासू सेक्शन से जोड़ती है। यह रेल विकास निगम लिमिटेड ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह उत्तराखंड की 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग ब्रॉड गेज रेल परियोजना से जुड़ी है। यह रेल परियोजना 105 किलोमीटर लंबी सुरंग के अंदर बनाई गई है। इसमें ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक कुल 16 सुरंगें है।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।