CM योगी ने BHU में स्वास्थ्य परियोजनाओं का किया निरीक्षण, देश को जल्द मिलेगा तीसरा एजिंग सेंटर

Summary :

योगी आदित्यनाथ का वाराणसी में स्वास्थ्य परियोजनाओं पर जोर

योगी आदित्यनाथ ने बीएचयू में निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने नेशनल सेंटर फॉर एजिंग और ट्रॉमा सेंटर के क्रिटिकल केयर यूनिट के शीघ्र निर्माण का निर्देश दिया। एजिंग सेंटर बुजुर्गों को चिकित्सा और देखभाल की सुविधा देगा।

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार शाम को अपने वाराणसी दौरे पर बीएचयू (BHU) में बन रही दो अहम स्वास्थ्य परियोजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने आईएमएस बीएचयू परिसर में बन रहे ‘नेशनल सेंटर फॉर एजिंग’ और ट्रॉमा सेंटर में निर्माणाधीन ‘क्रिटिकल केयर यूनिट’ (CCU) का भी जायजा लिया. इसके अलावा सीएम योगी ने अफसरों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि जनता को समय पर सही से इसका लाभ मिल सके.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीएचयू परिसर में बन रहे इस नेशनल सेंटर फॉर एजिंग को 147.39 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है. यह सेंटर खासतौर पर 60 वर्ष से अधिक साल के बुजुर्गों को सुविधा प्रदान करेगा, जिसमें उन्हें एक ही छत के नीचे इलाज, जांच और देखभाल की सभी सुविधाएं मिल सकेंगी.

बीएचयू में देश का तीसरा एजिंग सेंटर बनेगा

बता दें, कि अब तक देश में बुजुर्गों के लिए विशेष एजिंग सेंटर केवल दिल्ली एम्स और मद्रास मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं. लेकिन अब बीएचयू (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) में इस प्रकार का तीसरा सेंटर स्थापित होने जा रहा है. यह केंद्र छह मंजिला होगा और इसमें 200 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. बीएचयू ट्रॉमा सेंटर और अस्पताल में प्रतिदिन 8000 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, जिनमें से करीब 1500 मरीज बुजुर्ग होते हैं. ऐसे में यह नया एजिंग सेंटर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा.

क्रिटिकल केयर यूनिट भी हो रही तैयार

मुख्यमंत्री ने ट्रॉमा सेंटर के प्रांगण में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण किया, जिसकी लागत लगभग 119.74 करोड़ रुपये है. इस यूनिट में 150 बेड की सुविधा होगी, जिसमें अत्याधुनिक तीन मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, इमरजेंसी केयर और बर्न वार्ड शामिल होंगे. साथ ही, 40 बिस्तरों वाला विशेष बर्न वार्ड भी बनाया जा रहा है, जिससे आग या जलने से घायल मरीजों को तुरंत इलाज मिल सकेगा.

आधुनिक सुविधाएं जल्द जनता को मिलें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वाराणसी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, को देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का आदर्श मॉडल बनाना है. उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए.

Nepal सीमा से सटे अवैध निर्माण पर चला योगी सरकार का बुलडोजर, 350 से ज्यादा धार्मिक स्थल ध्वस्त

NPHCE योजना के अंतर्गत होगा संचालन

यह एजिंग सेंटर केंद्र सरकार की ‘राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम’ (एनपीएचसीई) के तहत विकसित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर में बुजुर्गों के लिए समर्पित और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है.

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।