CM योगी ने Ganga Expressway के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

Summary :

गंगा एक्सप्रेसवे पर पहली बार जर्मन तकनीक का उपयोग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने उच्च गुणवत्ता और समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक्सप्रेसवे पर यात्रा की और जर्मन तकनीक की प्रशंसा की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे का भ्रमण किया और यूपीडा व निर्माण में जुटी एजेंसियों को उच्च गुणवत्ता के साथ समय सीमा में एक्सप्रेसवे को तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने एक्सप्रेसवे पर ग्रुप-1 और ग्रुप-2 के तहत हो रहे निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष जताया, जबकि ग्रुप-3 और ग्रुप-4 के तहत चल रहे निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं एक्सप्रेसवे पर कार से यात्रा (राइड) की और क्वालिटी पर खुशी जताई। वहीं उन्होंने पहली बार एक्सप्रेसवे में उपयोग में लाई जा रही जर्मन तकनीक को भी विस्तार से समझा। यही नहीं, मुख्यमंत्री ने कार्य कर रहे श्रमिकों से भी मुलाकात की और उनके साथ फोटो शूट भी कराया।

सपा को समाप्त करने का दावा, 2027 में 300 सीटें जीतेंगे: केशव प्रसाद मौर्य

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”इंफ्रास्ट्रक्चर किसी भी देश के विकसित होने की आधारभूत शर्त होती है। आज जनपद हरदोई, शाहजहांपुर एवं हापुड़ में गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य को पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले दस वर्षों में देश ने प्रत्येक क्षेत्र में बेहतरीन प्रगति की है। उसी क्रम में, गंगा एक्सप्रेस-वे भी प्रधानमंत्री जी की संकल्पना ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ को नए आयाम प्रदान करते हुए प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुगम आवागमन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ ही आर्थिक सशक्तिकरण के मार्ग को प्रशस्त करेगा। पूर्ण विश्वास है, यह आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में सहायक सिद्ध होगा।”

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने तीन जनपदों में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य की प्रगति को देखा। सबसे पहले वह हरदोई के बिलग्राम तहसील स्थित ग्रुप-3 के 347+000 चैनेज पर गए, जबकि यहां से वह शाहजहांपुर के जलालाबाद स्थित बदायूं-हरदोई ग्रुप-2 पर 242 +650 चैनेज का भी भ्रमण किया। अंत में वह हापुड के गढ़मुक्तेश्वर तहसील के तहत मेरठ-बदायूं ग्रुप-1 पर स्थित 62+200 चैनेज पहुंचे और प्रगति का जायजा लिया। सीएम योगी सबसे पहले हरदोई जनपद के मल्लावां व माधोगंज विकासखंड में गंगा एक्सप्रेस वे का निरीक्षण करने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हसनपुर गोपाल के पास एक्सप्रेसवे के हेलीपैड पर उतरने के बाद कुछ दूर पैदल चलकर एक्सप्रेसवे को देखा। उन्होंने कार से करीब 5 किलोमीटर की दूरी भी तय की। वहीं, उन्हें रोड क्वालिटी और रोड कम्फर्ट के लिए ज्यूरिख यूनिवर्सिटी द्वारा उन्नत टेक्नोलॉजी से भी अवगत कराया गया, जिस पर उन्होंने खुशी जताई। इस दौरान उन्होंने यूपीडा के अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक्सप्रेसवे के इस ग्रुप को समय सीमा के अंतर्गत गुणवत्ता के साथ पूरा कराएं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.