Ghaziabad: गाजियाबाद में रेलवे ट्रैक के पास नोएडा के एक कलेक्शन एजेंट का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने हत्या कर शव को वहां पर फेके जाने की आशंका जताई है। परिजनों के मुताबिक नोएडा में कलेक्शन एजेंट का काम करने वाला व्यक्ति अपने काम पर निकला था और वापस नहीं आया। इस मामले में पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और पूछताछ कर रही है।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
पुलिस के मुताबिक मसूरी थाना क्षेत्र में डासना जेल रेलवे फाटक के पास शनिवार सुबह एक शव पड़े होने की सूचना मिली। इस सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। रेल पटरी पर एक लाश क्षत-विक्षत हालत में पड़ी हुई थी। आस पास के पत्थरों पर खून के छींटे लगे हुए थे। पटरी के किनारे ही नमकीन का एक खाली पैकेट, प्लास्टिक ग्लास और शराब का पव्वा भी बरामद हुआ।
मृतक की पहचान
पुलिस ने बताया है कि मृतक की पहचान विशाल तिवारी, निवासी नोएडा के रूप में हुई। उसके परिजनों ने बताया कि विशाल कलेक्शन एजेंट था। शुक्रवार शाम वह कलेक्शन के लिए घर से निकला था, फिर वापस नहीं लौटा। बाद में उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। वो रात भर उसको तलाशते रहे।
पुलिस ने जांच कर उचित कार्रवाई का दिया भरोसा
शनिवार सुबह पुलिस के जरिए उन्हें खबर मिली कि विशाल की लाश रेल पटरी पर पड़ी हुई है। परिजनों को आशंका है कि लूट के बाद विशाल की हत्या कर दी गई और सुसाइड दिखाने के लिए लाश को रेल पटरी पर डाल दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस ट्रैक से जो रेलगाड़ियां गुजरी हैं, उनके लोको पायलट से बातचीत की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





