सुपारी, साजिश और 14 करोड़ की डील, बेटे की हत्या के पीछे मां निकली मास्टरमाइंड, ऐसे रचा गया था अर्जुन शर्मा के मौत का खेल

Summary :

Dehradun Arjun Murder Case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 11 फरवरी की सुबह हुई एक हत्या की वारदात ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया था। दरअसल इस वारदात में तिब्बती मार्केट के पास जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा को स्कूटी सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। वारदात उस समय हुई जब बाजार क्षेत्र में आवाजाही सामान्य थी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को तुरंत दून अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लेकिन जब पुलिस ने इस मामले की जांच की तो कुछ और ही निकल के…

Dehradun Arjun Murder Case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 11 फरवरी की सुबह हुई एक हत्या की वारदात ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया था। दरअसल इस वारदात में तिब्बती मार्केट के पास जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा को स्कूटी सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। वारदात उस समय हुई जब बाजार क्षेत्र में आवाजाही सामान्य थी।

गंभीर रूप से घायल अर्जुन को तुरंत दून अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लेकिन जब पुलिस ने इस मामले की जांच की तो कुछ और ही निकल के सामने आया है। दरअसल ये कोई घटना नहीं बल्कि एक सोची समझी साजिश का हिस्सा था।

Dehradun Arjun Murder Case: प्रॉपर्टी विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि ये मामला करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़े विवाद का था। मिली जानकारी के अनुसार, करीब 14 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी डील को लेकर परिवार के भीतर तनाव चल रहा था। आरोप है कि जमीन की बिक्री के बाद खरीदार से लगभग आठ करोड़ रुपये ले लिए गए थे। बाद में अर्जुन ने इस सौदे के खिलाफ कोर्ट से स्टे ले लिया, जिससे खरीदार को कब्जा नहीं मिल पाया। इसी विवाद ने रिश्तों में दरार डाल दी और मामला हत्या तक पहुंच गया।

Dehradun Arjun Murder Case (image social media )
Dehradun Arjun Murder Case (image social media )

Arjun Murder Case: मां पर साजिश का आरोप

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस साजिश में मृतक की मां बीना शर्मा का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, प्रॉपर्टी विवाद के चलते उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने ही बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। अर्जुन की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने बीना शर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।

Arjun Sharma Murder News: शूटरों की गिरफ्तारी और मुठभेड़

घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और नाकेबंदी की। जांच के दौरान दो शूटरों, राजू और पंकज राणा की पहचान हुई। रायपुर और डोईवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उन्हें घायल कर पकड़ लिया। उनके पास से 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने करीब 12 लाख रुपये में हत्या की सुपारी लेने की बात कबूल की। बताया गया कि उन्हें तीन लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।

Dehradun Arjun Murder Case (image social media )
Dehradun Arjun Murder Case (image social media )

अन्य आरोपियों की भूमिका

पुलिस जांच में डॉ. अजय खन्ना और विनोद उनियाल का नाम भी सामने आया। अधिकारियों का कहना है कि इन सभी ने मिलकर साजिश रची और शूटरों को हत्या के लिए तैयार किया। कॉल डिटेल, व्हाट्सएप बातचीत और अर्जुन की दिनचर्या की रेकी जैसे सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं, जो साजिश की पुष्टि करते हैं।

पुलिस की जांच जारी

एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, यह हत्या लालच और संपत्ति विवाद के कारण रची गई सुनियोजित साजिश थी। फिलहाल सभी मुख्य आरोपी गिरफ्तार हैं, जबकि घायल शूटरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि हर पहलू स्पष्ट हो सके। यह घटना दिखाती है कि जब संपत्ति और पैसों का लालच हावी हो जाता है, तो रिश्तों की बुनियाद भी कमजोर पड़ जाती है। देहरादून की यह वारदात परिवार और समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी बनकर सामने आई है।

यह भी पढ़ें:  खुशियों के बीच पसरा मातम, नेपाल के बैतडी में बाराती बस खाई में गिरी , 13 की मौत

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।