दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने बुलाई अहम बैठक, महिला सम्मान योजना पर होगी चर्चा

Summary :

बैठक में महिला सम्मान योजना के तहत 2,500 रुपये पर विचार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को एक अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में ‘महिला सम्मान योजना’ के तहत दिए जाने वाले 2,500 रुपये और दिल्ली विधानसभा में पेश होने वाले आगामी बजट को लेकर चर्चा की जाएगी। दिल्ली की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को जल बोर्ड और पीडब्ल्यूडी बोर्ड की बैठक की थी। बैठक के बाद उन्होंने दावा किया कि प्लान तैयार किया जा रहा है और सभी वादों को पूरा करने के लिए काम हो रहा है।

इससे पहले गुरुवार को आयुष्मान योजना को मंजूरी दी गई थी। इस योजना को मंजूरी मिलने पर दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि हम आयुष्मान योजना को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वह फाइल जो केंद्र सरकार को भेजी गई थी, अब वापस आ गई है। अगले सप्ताह तक आयुष्मान योजना को लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने मोहल्ला क्लीनिक के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार आयुष्मान योजना को लागू करने के लिए वचनबद्ध है। साथ ही सभी मोहल्ला क्लीनिक का नाम भी बदला जाएगा, क्योंकि यह सरकार की योजना है। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली आने वाले 100 दिनों में बदलती हुई दिखाई देगी। साथ ही दिल्लीवासियों को शुद्ध पानी भी मुहैया कराया जाएगा।”

बता दें, दिल्ली की सत्ता संभालने के बाद रेखा सरकार एक्शन मोड में है। दिल्ली सरकार ने 553 मौजूदा मोहल्ला क्लीनिक को ‘शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ (यू-एएएम) में अपग्रेड करने का फैसला किया है। इसके अलावा दिल्ली की गरीब महिलाओं को 500 रुपए की दर पर सालाना 10 गैस सिलेंडर और होली-दीपावली पर दो मुफ्त गैस सिलेंडर देने का निर्णय लिया गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.