दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से की मुलाकात

Summary :

CM रेखा गुप्ता ने स्मृति ईरानी से की शिष्टाचार भेंट

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी। रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “आज देश की पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। स्मृति ईरानी की आत्मीयता और प्रेम पाकर अभिभूत हूं।

बता दें कि दिल्ली विधानसभा का सत्र चल रहा है और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को विधानसभा की पटल पर सीएजी रिपोर्ट पेश की। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “देश के यशस्वी प्रधानमंत्री और हमारे मार्गदर्शक नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्लीवासियों को दिए गए वचन को निभाते हुए, आज विधानसभा सत्र के पहले ही दिन सदन में सीएजी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

सीएजी रिपोर्ट सामने आने से यह साफ हो गया है कि दिल्ली में विगत सरकार द्वारा लागू की गई शराब नीति का एकमात्र उद्देश्य अपने पसंदीदा व्यापारियों को लाभ पहुंचाना था। जनता के हितों की अनदेखी कर, केवल अपने और अपने खास लोगों के फायदे के लिए ही पिछली सरकार के कार्यकाल में नई शराब नीति लाई गई थी।

सीएजी रिपोर्ट के सामने आने से न केवल दिल्ली को लूटने वाली शराब नीति की सच्चाई जनता को पता चली है, बल्कि ये भी जाहिर हो गया है कि कैसे निजी स्वार्थ को जनता के हितों के ऊपर रखा गया।

सरकार का कर्तव्य जनता के स्वास्थ्य की चिंता करना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है, लेकिन सीएजी रिपोर्ट के सामने आने से यह स्पष्ट हो चुका है कि गत सरकार ने अपने स्वार्थ के चलते नई शराब नीति लागू करते समय जानबूझकर स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी की और जनता की जान को खतरे में डाला।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.