यूरोपीय संघ की चीफ उर्सुला का भारत दौरा, व्यापार समझौते पर होगी चर्चा

Summary :

तीसरी बार भारत आ रहीं उर्सुला, PM मोदी के साथ होगी अहम बैठक

यूरोपीय संघ की चीफ उर्सुला वॉन डेर लेयेन दो दिन के दौरे पर भारत आ रही हैं। पीएम मोदी संग फ्री ट्रेड समझौते पर चर्चा होगी। तीन साल में तीसरी बार लेयेन भारत आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष एक डेलिगेशन (कॉलेज ऑफ कमीशनर्स) के साथ आ रही हैं। प्रतिनिधिमंडल में यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के 27 अधिकारी शामिल होंगे। उर्सुला यूरोपीय कमीशन की पहली महिला चीफ हैं।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर उनकी यात्रा की जानकारी दी थी। कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर भारत दौरे पर आ रहीं उर्सुला की यात्रा के एजेंडे में मुक्त व्यापार समझौता समेत अन्य मुद्दे शामिल हैं। उनकी यात्रा आयोग के नए कार्यकाल के प्रारंभ में हो रही है, जो पिछले साल दिसंबर में शुरू हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी और उर्सुला एक पूर्ण सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे और दोनों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।

यात्रा की घोषणा 21 जनवरी को दावोस में की गई थी। पीएम मोदी और उर्सुला शुक्रवार को प्रेस को संबोधित करेंगे। वह पीएम मोदी से मिलेंगी और भारत-यूरोपीय यूनियन व्यापार परिषद में शामिल होंगी। यात्रा के दौरान भारत और यूरोपीय संघ में ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी परिषद की दूसरी मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित होगी। इसके साथ ही यूरोपीय आयुक्तों और उनके भारतीय समकक्षों के बीच द्विपक्षीय मंत्रिस्तरीय बैठक भी होगी।

उर्सुला वॉन डेर लेयेन तीसरी बार भारत आ रही हैं। इससे पहले वह अप्रैल 2022 और सितंबर 2023 में जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आई थीं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.