London में यूरोपीय देशों की समिट, Ukrain के राष्ट्रपति Zelensky होंगे शामिल

Summary :

रूस के खिलाफ यूक्रेन की स्थिति पर लंदन में चर्चा

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की रविवार को लंदन में यूरोपीय देशों के प्रमुखों से मिलेंगे। ये मुलाकात एक समिट में होगी। जिसमें कुल 13 यूरोपीय देशों के नेता शामिल होंगे।

इसमें फ्रांस, जर्मनी, डेनमार्क, इटली आदि शामिल हैं। साथ ही, नाटो के महासचिव, यूरोपीय संघ और यूरोपीय काउंसिल के प्रेसिडेंट भी इसका हिस्सा होंगे। समिट के दौरान, रूस के खिलाफ यूक्रेन की स्थिति और यूरोप में सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

शनिवार को इंग्लैंड पहुंचने पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने जेलेंस्की का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने जेलेंस्की को गले लगाकर ब्रिटेन का समर्थन जताया और कहा कि पूरे ब्रिटेन का सपोर्ट यूक्रेन के साथ है, चाहे इस संघर्ष में कितना भी समय लगे। जेलेंस्की ने इस समर्थन के लिए प्रधानमंत्री स्टार्मर का धन्यवाद किया और कहा कि यह समर्थन यूक्रेन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुए गतिरोध के बाद यूक्रेन को समर्थन देने के मुद्दे पर यूरोपीय यूनियन (ईयू) के भीतर भी मतभेद नजर आ रहे हैं। हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन ने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के खिलाफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया है। ओर्बन का कहना है कि ताकतवर लोग ही शांति कायम कर सकते हैं, जबकि कमजोर लोग युद्ध की ओर बढ़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप ने शांति के लिए साहसिक कदम उठाए, भले ही इसे स्वीकार करना कुछ लोगों के लिए कठिन हो।

वहीं, दूसरी ओर स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने भी यूक्रेन को आर्थिक और सैन्य सहायता देने से मना कर दिया है। उनका मानना है कि यूक्रेन कभी भी सैन्य ताकत के बल पर रूस को बातचीत की मेज़ पर नहीं ला पाएगा।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ जेलेंस्की की मुलाकात अहम मानी जा रही थी। इस मुलाकात के पहले ट्रंप ने जानकारी दी थी कि जेलेंस्की किसी समझौते के लिए अमेरिका जा रहे हैं। लेकिन, मुलाकात में युद्ध विराम के मुद्दे पर दोनों नेताओं में गतिरोध इस कदर बढ़ गया कि जेलेंस्की और उनकी टीम को व्हाइट हाउस छोड़ने को कह दिया गया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.